×

मुंबई कार दुर्घटना : ड्राइवर तेजी और लापरवाही से चला रहा था गाड़ी, आगे की जांच जारी

 

मुंबई, 21 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई कोस्टल रोड पर हुए जानलेवा हादसे में शामिल कार का ड्राइवर कथित तौर पर तेजी और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। इस हादसे में ड्राइवर और कार में सवार दो अन्य लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

मुंबई के कोस्टल रोड पर हुई एक जानलेवा कार दुर्घटना के सिलसिले में तारदेव पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई।

यह हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे से 5:20 बजे के बीच हुआ, जब मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर उत्तर दिशा में जा रही कार लोटस जेटी के पास तेज रफ्तार में होने के कारण बेकाबू हो गई।

एफआईआर के अनुसार, कार बैरियर तोड़कर फ्लाईओवर से नीचे निर्माणाधीन इलाके में जा गिरी, जिससे कार में सवार चार लोगों में से तीन की मौत हो गई। हादसे की गंभीरता का अंदाजा कार को हुए नुकसान से लगाया जा सकता है। कार ने पुल पर लगे साइनबोर्ड को भी तोड़ दिया था।

कार में सवार चार युवकों की पहचान शनाय गुज्जर (21), धैर्य दर्शन सेठ (17), आदित्य जकसनिया (करीब 18-19) और आदित्य कल्पेश्वर ओसवाल के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद गुज्जर ड्राइवर की सीट पर मिला। एफआईआर में आरोप है कि वह गाड़ी को लापरवाही और तेजी से चला रहा था, जिसके कारण उसकी खुद की और पीछे बैठे सेठ और जकसनिया की मौत हो गई।

चौथे सवार, ओसवाल को हादसे में गंभीर चोटें आईं। उसे इलाज के लिए अन्य सवारों के साथ नायर अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में गुज्जर, सेठ और जकसनिया को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि ओसवाल का इलाज चल रहा है। जांच के दौरान, पुलिस ने दुर्घटना स्थल से चार मोबाइल बरामद किए, जिनमें तीन आई फोन और एक वन प्लस मॉडल शामिल हैं। एक 'कोच न्यूयॉर्क' वॉलेट भी मिला, जिसमें 100 रुपए का नोट और जकसनिया का आधार कार्ड था।

पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

--आईएएनएस

डीकेएम/