×

तमिलनाडु: मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन सोमवार से 41 नई बसों का करेगा संचालन

 

चेन्नई, 12 जुलाई (आईएएनएस)। तमिलनाडु सरकार के मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एमटीसी) की ओर से सोमवार (13 जुलाई) से पूरे चेन्नई में स्कूली छात्रों के लिए 41 अतिरिक्त स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। इससे खास ट्रांसपोर्ट सर्विस का दायरा काफी बढ़ जाएगा।

इस नए विस्तार के साथ, एमटीसी की ओर से शहर भर के छात्रों के लिए कुल 66 स्पेशल स्कूल बसें चलाई जाएंगी। ये बसें रोजाना 134 ट्रिप करेंगी और रिहायशी इलाकों और स्कूलों के बीच सुबह और शाम की खास सर्विस देंगी।

मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के निर्देशों के बाद इस पहल को शुरू किया गया है। इस पहल से स्कूली बच्चों के लिए काफी आसानी होगी। जो छात्र एमटीसी बसों पर निर्भर हैं, उनको काफी आसानी हो जाएगी।

एमटीसी की एक विज्ञप्ति के अनुसार, यह फैसला ट्रांसपोर्ट अधिकारियों की ओर से किए गए व्यापक फील्ड असेसमेंट के बाद लिया गया। सैदापेट और कई अन्य इलाकों में 10 दिनों का अध्ययन किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्कूली छात्र पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर निर्भर हैं।

यह कवायद सैदापेट के विधायक अरुल प्रकाशम की ओर से 30 जून को ट्रांसपोर्ट मंत्री ए. विजय तमिलन पार्थिबन को दिए गए एक ज्ञापन के बाद शुरू की गई थी, जिसमें उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र के छात्रों के लिए बेहतर बस कनेक्टिविटी की मांग की थी। सर्वे के दौरान, एमटीसी अधिकारियों ने छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और स्कूल अधिकारियों से बातचीत की ताकि यात्रा के पैटर्न को समझा जा सके। ज्यादा भीड़ वाले रूटों की पहचान की जा सके और स्पेशल स्कूल सेवाओं की जरूरत का आकलन किया जा सके।

जिसके बाद सरकार को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी गई, फिर स्पेशल बस नेटवर्क के विस्तार को मंजूरी दी गई। एमटीसी पहले 25 शिक्षण संस्थानों को कवर करते हुए 25 स्पेशल स्कूल बसें चला रहा था और रोजाना 50 ट्रिप करता था। 41 नई बसों के जुड़ने से सेवा में काफी सुधार हुआ है और उम्मीद है कि इससे समय की पाबंदी बेहतर होगी, छात्रों के लिए यात्रा से जुड़ा तनाव कम होगा और नियमित रूटों पर यात्रियों का दबाव कम होगा।

ट्रांसपोर्ट मंत्री ने शनिवार को नई शुरू की गई बसों के चलने से पहले उनका निरीक्षण किया। उनके साथ एमटीसी के मैनेजिंग डायरेक्टर टी. मोहन और ट्रांसपोर्ट विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। अधिकारियों ने कहा कि सेवाएं शुरू होने के बाद कॉर्पोरेशन यात्रियों की मांग पर नजर रखना जारी रखेगा और जरूरत पड़ने पर अन्य रूटों पर अतिरिक्त स्पेशल स्कूल बसें शुरू करने पर विचार करेगा।

--आईएएनएस

एसडी/एएस