×

एमपी के धार में दो युवक नदी में डूबे, बचाव अभियान जारी

 

भोपाल/धार, 25 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के धार जिले के सेमालदा गांव में नर्मदा नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से दो गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए जबकि अन्य दो को सुरक्षित बचा लिया गया।

मध्य प्रदेश के धार जिले में नर्मदा नदी में नहाने गए ये सभी युवक कोटपुतली, राजस्थान के निवासी थे और एक सीमेंट कंपनी में कार्यरत थे।

पुलिस के अनुसार, पूरन (40) और दिनेश (34) अब भी लापता हैं जबकि मनोज यादव और नवीन योगी को सुरक्षित बचा लिया गया है। यह घटना रविवार शाम की बताई गई है।

सूचना के मुताबिक, चारों दोस्त मनावर क्षेत्र के टोंकी गांव स्थित सीमेंट कंपनी में काम करते थे और छुट्टी के दिन नर्मदा नदी में नहाने के लिए सेमालदा गांव पहुंचे थे। रविवार शाम 5 बजे चारों नदी में उतरे लेकिन नहाते समय वे लगभग 15 से 20 फीट गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय नाविकों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और दो युवकों को बाहर निकाल लिया लेकिन पूरन और दिनेश का कोई पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर मनावर पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं।

पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय नाविकों की टीमें देर शाम तक नावों की मदद से खोज अभियान चलाती रहीं। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और सीमेंट कंपनी के कर्मचारी भी मौजूद रहे और प्रशासन की ओर से सर्च ऑपरेशन जारी है।

--आईएएनएस

पीएम