☰
×

माता अमृतानंदमयी से मिलना अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक अनुभव : गौतम अदाणी

 

अहमदाबाद, 22 नवंबर (आईएएनएस)। अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने अहमदाबाद में आध्यात्मिक गुरु श्री माता अमृतानंदमयी देवी (अम्मा) से मुलाकात की और इस अनुभव को 'भावुक कर देने वाला' बताया।

गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट में लिखा, "अहमदाबाद में श्री माता अमृतानंदमयी देवी (अम्मा) से मिलना भीतर से भावुक कर देने वाला अनुभव था। मां के प्रेम में कुछ असाधारण होता है। वह बदले में कुछ नहीं मांगता बल्कि असीमित रूप से देता है और जीवनभर हमारे साथ बना रहता है।"

उन्होंने कहा कि अम्मा को असाधारण बनाने वाली बात उनकी यह क्षमता है कि उन्होंने मां के स्नेह और ममता को मानवता की सेवा के एक शक्तिशाली मिशन में बदल दिया है।

उनके अनुसार, "अपने विद्यालयों, अस्पतालों और विभिन्न मानवीय पहलों के माध्यम से उन्होंने अनगिनत लोगों के जीवन में आशा, उत्साह और गरिमा का संचार किया है। उन्होंने मां की करुणा को ऐसी व्यापकता दी है जो हर सीमा और बंधन से परे है।"

उन्होंने कहा, "अम्मा हमें यह याद दिलाती हैं कि प्रेम की सबसे महान अभिव्यक्ति केवल हमारी भावनाओं में नहीं बल्कि उन जीवनों में होती है जिन्हें हम अपने स्पर्श, सेवा और संवेदनशीलता से बेहतर बनाते हैं।"

इससे पहले सितंबर में भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कोल्लम के अमृतपुरी स्थित माता अमृतानंदमयी मठ में आयोजित 'विश्व सेवा दिनम' समारोह में भाग लिया था।

उन्होंने माता अमृतानंदमयी देवी को श्रद्धापूर्वक प्रणाम करते हुए कहा था कि अम्मा स्वयं एक चमत्कार हैं और उन्हें समाज तथा राष्ट्र की सेवा के मार्ग में लोगों का मार्गदर्शन करते रहना चाहिए।

माता अमृतानंदमयी देवी के 73वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा था, "देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है और विकास के लिए आधारभूत संरचना, प्रौद्योगिकी, निवेश, नवाचार तथा आर्थिक वृद्धि आवश्यक हैं।"

हालांकि, उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि विकास का एक मानवीय चेहरा होना चाहिए।

उन्होंने कहा, "विकसित भारत की ओर आगे बढ़ते समय हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि आधुनिकता और हमारे सभ्यतागत मूल्य एक साथ आगे बढ़ें।" उन्होंने कहा कि "विकास भी, विरासत भी" हमारा मार्गदर्शक मंत्र होना चाहिए।

उपराष्ट्रपति ने यह भी कहा कि विकसित भारत ऐसा समावेशी भारत होना चाहिए, जहां कोई भी व्यक्ति पीछे न छूटे। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सेवा आंदोलन आगे भी लाखों लोगों के जीवन को स्पर्श करता रहेगा और 'सेवा' अधिक शांतिपूर्ण, टिकाऊ तथा करुणामय विश्व की नींव बनेगी।

--आईएएनएस

पीएम