☰
×

सेवाओं में आई वैश्विक रुकावट के पीछे साइबर हमले के सबूत नहीं, सेवाएं बहाल करने का काम जारी: माइक्रोसॉफ्ट

 

वाशिंगटन, 13 नवंबर (आईएएनएस)। माइक्रोसॉफ्ट ने उसकी शुक्रवार को ईमेल और अन्य ऑनलाइन सेवाओं में आई वैश्विक रुकावट के पीछे क‍िसी साइबर हमले की बात से इनकार क‍िया है। कंपनी ने बताया कि सेवाओं को पूरी तरह बहाल करने के प्रयास लगातार जारी हैं। कंपनी का कहना है क‍ि सेवाओं में आई वैश्विक रुकावट के पीछे किसी तरह की दुर्भावनापूर्ण गतिविधि या साइबर हमले के सबूत नहीं मिले हैं।

माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, उत्तरी अमेरिका में स्थिति में काफी सुधार हुआ है। यूरोप के अधिकांश हिस्सों में सेवाएं फिर से सामान्य हो रही हैं और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में भी सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, कुछ उपयोगकर्ताओं को अभी भी बीच-बीच में सेवाओं तक पहुंचने में परेशानी या ईमेल मिलने में देरी का सामना करना पड़ सकता है।

शुक्रवार सुबह 7:58 बजे (ईएसटी) जारी अपडेट में माइक्रोसॉफ्ट के सार्वजनिक सर्विस-हेल्थ पेज पर सेवा में दिक्कतें दिखाई जा रही थीं। कंपनी ने कहा कि वह बहाल किए गए सिस्टम को स्थिर करने, बाकी प्रभावित सेवाओं को वापस लाने और ईमेल की लंबित कतार को कम करने पर काम कर रही है। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा, “फिलहाल हमें इस घटना से जुड़ी किसी भी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि का कोई सबूत नहीं मिला है।”

कंपनी ने बताया कि समस्या पूरी तरह सुलझने के बाद वह एक विस्तृत रिपोर्ट जारी करेगी, जिसमें आउटेज के कारण और भविष्य में ऐसे मामलों से बचने के लिए उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी जाएगी। हालांकि अभी तक कंपनी ने अंतिम कारण की पुष्टि नहीं की है और न ही यह कहा है कि समस्या पूरी तरह खत्म हो गई है।

माइक्रोसॉफ्ट के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट चार्ल्स लमाना ने गुरुवार देर रात कहा था कि अब तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि यह आउटेज किसी साइबर हमले या दुर्भावनापूर्ण गतिविधि की वजह से हुआ हो।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पोस्‍ट पर लिखा, “आज की इस समस्या से हमारे ग्राहकों को जो परेशानी हुई है, उसके लिए हमें खेद है। हम इसे जल्द से जल्द ठीक करने के लिए काम कर रहे हैं।”

माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि उसकी उन सेवाओं पर असर पड़ सकता है जो 'एक्सचेंज ऑनलाइन' और ईमेल सिस्टम पर निर्भर हैं। वहीं, जिन फीचर्स का इन सेवाओं से सीधा संबंध नहीं है, वे सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।

सर्विस हेल्थ नोटिस के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट टीम के अधिकांश मुख्य फीचर्स जैसे कॉल, मीटिंग, ग्रुप चैट और चैनल मैसेज प्रभावित नहीं हुए हैं। हालांकि कैलेंडर से जुड़े कुछ फीचर्स और अन्य कुछ सुविधाओं में दिक्कत आ सकती है।

शुक्रवार सुबह 7:09 बजे जारी एक अन्य अपडेट में कंपनी ने बताया कि ईमेल की देरी को संभालने के लिए 48 घंटे की विस्तारित ईमेल टाइमआउट व्यवस्था अभी लागू है, ताकि सभी लंबित संदेश सुरक्षित तरीके से पहुंच सकें।

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने गुरुवार को अपने उपयोगकर्ताओं को चेतावनी दी थी कि माइक्रोसॉफ्ट की 'आउटलुक' सेवाएं दुनियाभर में प्रभावित हैं। उसके नोटिस में कहा गया था कि तकनीकी टीम कंपनी के साथ मिलकर काम कर रही है, लेकिन सेवा पूरी तरह कब बहाल होगी, इसका कोई निश्चित समय नहीं बताया जा सकता।

न्यूयॉर्क सिटी इमरजेंसी मैनेजमेंट ने भी चेतावनी जारी की कि शहर की एजेंसियों को भेजे जाने वाले ईमेल और माइक्रोसॉफ्ट पर आधारित ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। लोगों को जरूरी मामलों में संपर्क के अन्य माध्यम अपनाने की सलाह दी गई।

भारत में इंडिगो एयरलाइंस ने कहा कि आउटेज का असर अभी उसकी ईमेल सहायता सेवाओं पर पड़ रहा है, लेकिन उड़ान संचालन और अन्य कारोबारी गतिविधियां सामान्य रूप से चल रही हैं। कंपनी ने बताया कि उसका डिजिटल असिस्टेंट '6ई स्‍काई' समेत अन्य सहायता माध्यम उपलब्ध हैं।

अकासा एयर ने भी ईमेल सहायता में देरी की चेतावनी दी और कहा कि कुछ ग्राहकों के संदेश उसे समय पर प्राप्त नहीं हो सकते। यात्रियों को तुरंत सहायता के लिए उसके केयर सेंटर या सोशल मीडिया चैनलों का उपयोग करने की सलाह दी गई।

वहीं, एयर इंडिया ने कहा कि उसकी उड़ान सेवाएं और संचार प्रणाली प्रभावित नहीं हुई हैं। एयरलाइन ने ईमेल को अस्थायी रूप से वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए भेजने की व्यवस्था की है और सामान्य 24 घंटे की समयसीमा के भीतर जवाब दिए जा रहे हैं।

माइक्रोसॉफ्ट 365 एक क्लाउड आधारित सेवा है, जिसमें ईमेल, सहयोग (कोलैबोरेशन) और ऑफिस एप्लिकेशन शामिल हैं। 'एक्सचेंज ऑनलाइन' ईमेल, कैलेंडर और संपर्क सेवाओं को संचालित करता है। इसलिए इसमें आने वाली किसी भी तकनीकी समस्या का असर उन अन्य सेवाओं पर भी पड़ सकता है जो इसी सिस्टम पर निर्भर हैं।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी