×

मेक्सिको की राष्ट्रपति ने यूएसएमसीए का किया समर्थन, बोलीं- ट्रंप के साथ समझौते पर बातचीत करने को तैयार

 

मेक्सिको सिटी, 16 जून (आईएएनएस)। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने मुक्त व्यापार पर यूनाइटेड स्टेट्स-मेक्सिको-कनाडा एग्रीमेंट (यूएसएमसीए) को अपना समर्थन दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वह इस समझौते के फायदों पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भी चर्चा करने को तैयार हैं।

शिनबाम ने सोमवार को मैक्सिको सिटी के नेशनल पैलेस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, "इस समझौते से तीनों देशों को फायदा होगा। पहले समझौते में अमेरिका के लिए कुछ दिक्कतें थीं। इस दूसरे समझौते पर राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद हस्ताक्षर किए थे।"

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, शिनबाम ने कहा कि ट्रेड डील की मौजूदा समीक्षा प्रक्रिया के तहत मैक्सिको स्टील, एल्युमीनियम और कारों पर अमेरिकी टैरिफ कम करने की उम्मीद कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए जरूरत पड़ी तो वह ट्रंप के साथ बातचीत करेंगी।

उन्होंने कहा, "जो प्रस्ताव है, वह एक समीक्षा है। यह कानून क्यों है? क्योंकि इसे अमेरिकी कांग्रेस, मैक्सिकन कांग्रेस या सीनेट और कनाडा में भी मंजूरी मिली थी।"

उन्होंने कहा कि इकोनॉमी सेक्रेटरी मार्सेलो एब्रार्ड के नेतृत्व में मेक्सिको का प्रतिनिधिमंडल इस समझौते को जारी रखने की गारंटी देने के लिए काम कर रहा है। हालांकि, शिनबाम ने कहा कि अमेरिकी सरकार के अधिक संरक्षणवादी रुख ने मौजूदा बातचीत में नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं।

उन्होंने कहा कि अमेरिका इस बात पर जोर दे रहा है कि उत्तरी अमेरिकी सामान अमेरिका में ही बनाए जाएं, जबकि "हमारा कहना है कि यह सिर्फ अमेरिका तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि पूरे क्षेत्र में होना चाहिए, क्योंकि यह एक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट है।"

शिनबाम की ये बातें तब सामने आईं जब हाल के दिनों में ट्रंप ने यूएसएमसीए के रिन्यूअल पर शक जाहिर करते हुए कहा कि अमेरिका को कनाडा और मैक्सिको से किसी चीज की जरूरत नहीं है।

इस महीने की शुरुआत में शिनबाम ने क्यूबा को मानवीय सहायता देने के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि यह द्वीपीय देश मुश्किल हालात का सामना कर रहा है और उसे अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ की जरूरत है।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, शिनबाम ने दोनों देशों के बीच एकजुटता के लंबे समय से चले आ रहे रिश्तों के तहत हर तरह की मदद जारी रखने का वादा किया।

उन्होंने कहा, "हम हर तरह की मदद भेजते रहे हैं और क्यूबा के लोगों को मदद भेजना जारी रखेंगे।"

शिनबाम ने कहा कि मैक्सिको इस द्वीपीय देश को समर्थन देना जारी रखने के लिए हर संभव कोशिश करेगा, खासकर तब जब अमेरिका क्यूबा पर छह दशक से ज्यादा समय से लगे नाकेबंदी को और सख्त कर रहा है।

उन्होंने आगे कहा, "यह एकजुटता का मामला है। मेक्सिको के लोगों ने हमेशा ऐसा किया है और हम ऐसा करना जारी रखेंगे, क्योंकि यह एक ऐसा देश है जिसे इसकी जरूरत है।"

--आईएएनएस

ओपी/डीकेपी