मेसी के प्रस्तावित केरल दौरे से जुड़े समझौते की होगी गहन जांच, सीएम सतीशन ने जताई अनियमितताओं की आशंका
तिरुवनंतपुरम, 13 अगस्त (आईएएनएस)। केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने गुरुवार को कहा कि अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (एफए) के साथ हुए विवादास्पद समझौते की गहन जांच की जा रही है। यह समझौता 2025 में लियोनेल मेसी के प्रस्तावित केरल दौरे से जुड़ा था। शुरुआती रिपोर्ट में इसमें गंभीर खामियां और संभावित जीएसटी उल्लंघन सामने आए हैं।
वीडी सतीशन ने कहा कि यह समझौता 'एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट' आमंत्रित किए बिना एक निजी कंपनी को सौंप दिया गया था। राज्य सरकार को भी इस बारे में सही जानकारी नहीं दी गई।
उन्होंने कहा, "हम इस मामले को गंभीरता से देख रहे हैं।" मुख्यमंत्री ने बताया कि अगर जीएसटी उल्लंघन साबित हुआ तो वित्त विभाग खजाने को हुए नुकसान की वसूली के कदम उठाएगा।
सीएम सतीशन के अनुसार, शुरुआती रिपोर्ट में यह भी पता चला है कि जीएसटी का मुद्दा पिछली सरकार के कार्यकाल में ही पकड़ा गया था, लेकिन उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था।
सरकार यह भी जांच करेगी कि राज्य के हितों की ठीक से रक्षा हुई थी या नहीं और जहां जरूरत होगी, वहां जिम्मेदारी तय की जाएगी।
मेटा विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी एकमात्र मांग मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को लेकर थी। उन्होंने उन आरोपों को खारिज किया कि उनके खिलाफ आलोचनात्मक पोस्ट हटवाने के लिए उन्होंने मेटा से संपर्क किया था।
वीडी सतीशन ने कहा, " लेफ्ट के लोगों ने एक बड़े टीवी चैनल को मेरा इंटरव्यू हटवाने के लिए मेटा को लिखा और अब वही आरोप मुझ पर लगा रहे हैं। यह पूरी तरह निराधार है।"
उन्होंने कहा कि वह मेटा को पत्र लिखने के लिए तैयार हैं ताकि उनके बारे में हटाई गई पोस्ट बहाल की जाएं। वह मीडिया संगठनों का भी इस मुद्दे पर साथ देंगे।
इस बीच कैबिनेट ने 2024 की वायनाड आपदा के पीड़ित परिवारों को 2 लाख रुपए प्रति परिवार देने का फैसला किया। इसके लिए कुल 5 करोड़ रुपए की राशि तय की गई है।
2025-26 के लिए पीएसयू कर्मचारियों को ओणम बोनस देने के दिशा-निर्देश भी मंजूर किए गए। सीएम सतीशन ने कहा कि समुद्र में लापता होने वाले मछुआरों के मामलों से निपटने के लिए एसओपी जल्द घोषित की जाएगी।
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी