पश्चिम एशिया घटनाक्रम पर पूरी नजर, भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी कोशिश: विदेश मंत्रालय
नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। पश्चिम एशिया में हालात अभी सामान्य नहीं हुए हैं। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोमवार को कहा कि पूरे घटनाक्रम पर उनकी नजर है और उसकी कोशिशें इस इलाके में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने पर फोकस हैं।
विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (गल्फ) असीम आर महाजन ने कहा, "पश्चिम एशिया के गल्फ क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रम पर विदेश मंत्रालय लगातार करीबी नजर बनाए हुए है। हमारे प्रयास क्षेत्र में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने पर केंद्रित हैं।"
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच सोमवार की अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग में उन्होंने ये बातें कही।
उन्होंने आगे कहा कि जानकारी साझा करने और समन्वय के लिए हम राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ निरंतर संपर्क में हैं। मंत्रालय में एक समर्पित विशेष नियंत्रण कक्ष भी संचालित है, जो भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों के प्रश्नों का उत्तर देने के लिए कार्यरत है।
हवाई उड़ानों के हालात में सुधार की भी बात कही। उन्होंने कहा कि उड़ानों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और क्षेत्र से भारत के विभिन्न गंतव्यों के लिए अतिरिक्त उड़ानें संचालित की जा रही हैं। यूएई का हवाई क्षेत्र खुला है, और भारतीय-यूएई की एयरलाइंस उड़ानें संचालित कर रही हैं। सऊदी अरब और ओमान के विभिन्न हवाई अड्डों से भी भारत के लिए उड़ानें चल रही हैं, जबकि कतर का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुला है।
वहीं, पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने कहा कि विभाग विदेश मंत्रालय और भारतीय मिशनों के साथ मिलकर लगातार काम कर रहा है, ताकि नाविकों की सुरक्षा बनी रहे और कामकाज बिना रुकावट चलता रहे। सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और किसी घटना की खबर नहीं है। पेट्रोलियम मिनिस्ट्री ने भी आश्वस्त किया कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और बिजली आपूर्ति मजबूत है।
ईरान-अमेरिका के बीच 40 दिन तक संघर्ष चला। 8 अप्रैल को दो हफ्ते के सीजफायर का ऐलान किया गया। इसके बाद, दोनों देशों ने 11-12 अप्रैल को लड़ाई खत्म करने के मकसद से पहले राउंड की बातचीत की। हालांकि, 21 घंटे के बाद बातचीत का कोई हल नहीं निकल पाया। वर्तमान में होर्मुज को लेकर ईरान-अमेरिका आमने सामने हैं।
--आईएएनएस
केआर/