×

'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' पर पीएम मोदी का संबोधन, महिलाओं में दिखा उत्साह

 

वाराणसी, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलावार को 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम अभिवादन जनसभा' को संबोधित किया। प्रधानमंत्री को देखने और सुनने के लिए नारी शक्ति बेहद उत्साहित नजर आईं। भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों की सुविधा के लिए स्थल पर फव्वारे और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के भी लोग पहुंचे थे।

जनसभा में पहुंची हुमा बानो ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक ऐतिहासिक फैसला है। ये अधिनियम लागू होना चाहिए, क्योंकि 33 फीसदी आरक्षण महिलाओं में भेदवभाव नहीं करेगा और महिलाएं समाज में कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगी।"

लुबिना बेबी ने कहा कि पीएम मोदी को देखने को लेकर बहुत उत्साह है। इसी कारण चिलचिलाती धूप में जनसभा में पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री जब भी कोई अच्छी योजना लाते हैं तो विपक्ष के पेट में दर्द होता है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं की आंखों के आंसू पोंछे हैं। इसके साथ ही महिलाओं को मुखिया भी बनाया है।

मऊ से आए अबू फैजल ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जबरा फैन हूं। मैं प्रधानमंत्री की 175 से अधिक रैलियों में हिस्सा ले चुका हूं। देश में जहां भी प्रधानमंत्री की जनसभा होती है, वहां जाता रहता हूं।

उन्होंने यहां तक दावा कर दिया कि इस बार भाजपा पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने जा रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में मुसलमानों को सम्मान मिल रहा है और उनके लिए काम भी हो रहा है।

जनसभा में पहुंची एक महिला ने कहा, "हम बहुत उत्साहित हैं। प्रधानमंत्री ने महिलाओं के लिए बहुत सारी योजनाएं बनाई हैं।"

वहीं, एक अन्य महिला ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देती हूं। उन्होंने महिलाओं के लिए बहुत कुछ किया है। एक समय था जब महिलाएं अपने घरों से बाहर निकलने से डरती थीं। आज उनका मान-सम्मान और पहचान भी बढ़ा है।"

--आईएएनएस

ओपी/एबीएम