×

ब्रिक्स 2026: विशाखापट्टनम में 'फ्रेंडशिप संडे ऑन साइक्लिंग' से फिटनेस का संदेश, 11 देशों के खेल मंत्री हुए शामिल

 

विशाखापत्तनम, 23 अगस्त (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के 'फ्रेंडशिप संडे ऑन साइक्लिंग' कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनसुख एल मंडाविया ने फिटनेस के महत्व और फिट इंडिया मूवमेंट की बढ़ती पहुंच को रेखांकित किया।

मंडाविया ने कहा, "आज विशाखापट्टनम में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के अवसर पर ब्रिक्स फ्रेंडशिप संडे ऑन साइक्लिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। हमारे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में फिट इंडिया मूवमेंट लगातार आगे बढ़ रहा है। आज देशभर में 18,000 से अधिक स्थानों पर युवा संडे ऑन साइक्लिंग के जरिए फिटनेस का संदेश फैला रहे हैं।"

उन्होंने कहा क‍ि साइक्लिंग व्यायाम के सबसे अच्छे तरीकों में से एक है। यह प्रदूषण कम करने और ईंधन बचाने का भी एक अच्छा उपाय है। विकसित भारत के निर्माण के लिए हम सभी का फिट रहना जरूरी है। जब हर व्यक्ति फिट होगा, तो पूरा समाज भी स्वस्थ और फिट होगा।"

यह कार्यक्रम रविवार को आयोजित 'ब्रिक्स खेल मंत्रियों की बैठक' के तहत किया गया। इसमें ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों के खेल मंत्री और प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुख शामिल हुए। इस बैठक का उद्देश्य खेलों के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने के लिए ब्रिक्स देशों की साझा प्रतिबद्धता को दोहराना है।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 का विषय है, 'रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन और सस्टेनेबिलिटी के लिए निर्माण।' यह लोगों को केंद्र में रखने और मानवता को प्राथमिकता देने वाले दृष्टिकोण को दर्शाता है।

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने कहा, "मंत्रिस्तरीय स्तर की ये बैठकें भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान हुई चर्चाओं और बैठकों को आगे बढ़ाने का काम करेंगी। साथ ही, ये ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेंगी।"

मंत्रालय ने कहा कि बैठक के अंत में ब्रिक्स युवा मंत्रिस्तरीय संयुक्त घोषणा और ब्रिक्स युवा सहयोग ढांचे को अपनाए जाने की उम्मीद है।

आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत खेल क्षेत्र में पारंपरिक और स्वदेशी खेलों, खेल तकनीक, खेल उपकरण निर्माण तथा संयुक्त घोषणा को अंतिम रूप देने जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया है। खेल मंत्रियों की बैठक का समापन ब्रिक्स स्पोर्ट्स संयुक्त घोषणा को अपनाने के साथ होगा।

बैठक में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुख अपने विचार रखेंगे। इसके बाद संयुक्त घोषणा को मंजूरी दी जाएगी।

ब्रिक्स फ्रेंडशिप साइक्लिंग कार्यक्रम का उद्देश्य फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना भी था। इसमें सदस्य देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम विशाखापट्टनम में चल रहे व्यापक ब्रिक्स खेल आयोजनों के साथ आयोजित किया गया।

इस बीच, दिल्ली में मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम को रवाना किया गया। देशव्यापी फिट इंडिया अभियान के तहत बड़ी संख्या में लोगों ने साइक्लिंग गतिविधि में भाग लिया।

'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम के बारे में बात करते हुए भारतीय हैंडबॉल टीम के पूर्व कप्तान और कोच नवीन पुनिया ने कहा, "यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है। हम शुरू से ही फिटनेस से जुड़े रहे हैं, लेकिन आज देशभर में इस तरह का बड़ा अभियान चलते देखना बहुत अच्छा लगता है। हम सभी कम से कम सप्ताह में एक दिन तो फिटनेस के लिए जरूर समय निकाल सकते हैं।"

--आईएएनएस

एवाई/पीएम