☰
×

'घूसखोर पंडित' से बदलकर 'गजब रात' हुआ मनोज बाजपेयी की फिल्म का नाम, 23 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर होगी रिलीज

 

मुंबई, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता मनोज बाजपेयी की आने वाली फिल्म 'घूसखोर पंडित' का नाम बदलकर अब 'गजब रात' कर दिया गया है। फिल्म के टाइटल को लेकर विवाद हुआ था और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। अब यह सस्पेंस थ्रिलर 23 अक्टूबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

फिल्म में मनोज बाजपेयी एक ऐसे पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आएंगे, जो अपने निजी फायदे और सही काम करने के बीच उलझ जाता है।

मनोज बाजपेयी ने फिल्म को लेकर कहा, "नेटफ्लिक्स के साथ मेरा सफर काफी अच्छा रहा है और 'गजब रात' इस जुड़ाव का एक और खास प्रोजेक्ट है। मुझे हमेशा ऐसे किरदार पसंद आते हैं, जिन्हें आसानी से सही या गलत की किसी एक श्रेणी में नहीं रखा जा सकता। इस फिल्म में मुझे सस्पेंस, नैतिक उलझनों और जवाबदेही से जुड़े सवालों के बीच एक अलग दुनिया में काम करने का मौका मिला।"

मनोज ने कहा, ''फिल्म की खास बात यह है कि कहानी में रात जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, किरदारों के इरादे भी धीरे-धीरे सामने आते हैं। इतने लंबे समय बाद फिल्ममेकर नीरज पांडे के साथ दोबारा काम करना शानदार अनुभव रहा। रितेश शाह को लेखक से निर्देशक के रूप में काम करते देखना भी दिलचस्प था। दर्शकों को 'गजब रात' में काफी कुछ जानने और समझने का मौका मिलेगा।''

फिल्म का निर्माण नीरज पांडे के प्रोडक्शन हाउस फ्राइडे फिल्मवर्क्स ने किया है, जबकि निर्देशन रितेश शाह ने किया है। फिल्म में मनोज बाजपेयी के अलावा साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय, दिव्या दत्ता, कीकू शारदा और नुसरत भरूचा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

नीरज पांडे ने कहा, ''मेरे लिए एक अच्छी कहानी का मतलब सिर्फ दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर करना नहीं है कि आगे क्या होगा, बल्कि कहानी ऐसी भी होनी चाहिए, जो देखने के बाद लोगों को सोचने पर मजबूर करे। 'गजब रात' में किरदारों के फैसले एक ऐसी स्थिति में पहुंचा देते हैं, जहां किसी भी सवाल का आसान जवाब नहीं मिलता। फिल्म में एक ही रात के दौरान होने वाली घटनाओं के साथ किरदारों की नैतिक उलझनें भी कहानी को आगे बढ़ाती हैं।''

निर्देशक रितेश शाह ने कहा, ''मुझे ऐसी थ्रिलर कहानियां पसंद हैं, जो दर्शकों को शुरुआत से ही अपने साथ बांध लेती हैं और हर मोड़ पर यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि आगे क्या होगा। एक ही रात में कहानी को आगे बढ़ाने से फिल्म में तनाव और जल्दबाजी का एहसास पैदा करने का मौका मिला।''

बता दें कि फिल्म का नाम पहले 'घूसखोर पंडित' रखा गया था। 3 फरवरी को टीजर सामने आने के बाद इसके टाइटल को लेकर आपत्तियां उठीं और मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया। 12 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म के नाम पर सवाल उठाते हुए कहा था कि अभिव्यक्ति की आजादी का इस्तेमाल समाज के किसी वर्ग को नीचा दिखाने के लिए नहीं किया जा सकता। अब फिल्म का नाम बदलकर 'गजब रात' कर दिया गया है। यह फिल्म 23 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम