×

'चुने हुए प्रतिनिधि के खिलाफ हिंसा बर्दाश्त नहीं': कांग्रेस नेता के घर पर हमले की सीएम ने की निंदा

 

इंफाल, 4 सितंबर (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को थौबल जिले में कांग्रेस लेजिस्लेचर पार्टी (सीएलपी) के नेता के. मेघाचंद्र के घर पर हुए ग्रेनेड हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुने हुए प्रतिनिधियों के खिलाफ हिंसा की कोई जगह नहीं है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यह धमाका गुरुवार शाम थौबल जिले के वांगखेम निर्वाचन क्षेत्र में याइरीपोक विष्णु नहा स्थित कांग्रेस नेता के घर के गेट के पास हुआ।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा: "मैं के. मेघाचंद्र सिंह (कांग्रेस लेजिस्लेचर पार्टी के नेता और वांगखेम विधानसभा क्षेत्र के विधायक) के घर पर हुए ग्रेनेड हमले की कड़ी निंदा करता हूं। यह हमला कल शाम याइरीपोक बिष्णु नाहा, थौबल में हुआ था।" खेमचंद सिंह ने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों के खिलाफ हिंसा की ऐसी हरकतें मंजूर नहीं हैं और इन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैंने पुलिस को इस मामले की गहन जांच करने और दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने का निर्देश दिया है।

आशंका है कि यह धमाका किसी अज्ञात बदमाश द्वारा फेंके गए विस्फोटक से हुआ है। हमलावर की पहचान और मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल का दौरा किया और तलाशी अभियान चलाया।

इस बीच, शुक्रवार को कांग्रेस नेता के घर पर हुए ग्रेनेड हमले के विरोध में धरना दिया गया। यह विरोध प्रदर्शन 'ऑल याइरीपोक अपुन्बा इमा लुप' (एवाईएआईएल) ने आयोजित किया था। इसमें शामिल लोगों ने रिहायशी इलाके में विस्फोटक के इस्तेमाल की निंदा की और लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

इससे पहले, 28 अगस्त को मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने इंफाल पश्चिम जिले के कोंथौजम मायाई लीकाई में पूर्व मंत्री और मौजूदा भाजपा विधायक सपम रंजन सिंह के घर का दौरा किया था। उनके घर पर बम धमाका हुआ था।

बाद में मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इस हमले की कड़ी निंदा की। मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं जन-प्रतिनिधि के घर पर हुए ऐसे बेमतलब और बर्बर हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हिंसा की यह घटना हमारे लोकतंत्र पर हमला है और दोषियों को जल्द ही सजा दिलाई जाएगी।"

विधायक के मुताबिक, यह घटना 28 अगस्त को हुई थी, जब वह अपने घर पर मौजूद थे। बम घर के पिछले हिस्से में फटा, जिससे जमीन पर एक छोटा गड्ढा बन गया और कंपाउंड की दीवारों को मामूली नुकसान पहुंचा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।

--आईएएनएस

एमएस/