बंगाल के सोनामुखी में एक शख्स ने पिता और पत्नी की हत्या की, धारदार हथियार से काटी गर्दन
कोलकाता, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले से हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। एक शख्स ने अपनी पत्नी और पिता की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार रात सोनामुखी के माना चार इलाके में घटी। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है।
शुरुआती रिपोर्टों से पता चला है कि यह हत्या 'तंत्र साधना' से जुड़ी हो सकती है। वहीं, पारिवारिक विवाद की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पिता का शव घर के आंगन में मिला।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरोपी मंगल चौधरी ने अपनी 39 वर्षीय पत्नी रूपा पर धारदार हथियार से हमला किया और उसका सिर काट दिया। बाद में उसका कटा हुआ सिर एक मंदिर से बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि उसके 60 वर्षीय पिता राजेंद्र चौधरी का शव घर के आंगन से मिला है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंगल चौधरी ने दुर्गा अष्टमी के दिन इस भयानक हत्या को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि अपनी 39 वर्षीय पत्नी रूपा का सिर काटने के बाद, उसने उसे एक मंदिर में रख दिया। बाद में, उसके 60 वर्षीय पिता राजेंद्र चौधरी का शव घर के पिछले हिस्से (आंगन) से मिला।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बांकुड़ा जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "उसे पकड़ने के लिए तलाश जारी है। पत्नी के परिवार वालों को घटना की जानकारी दे दी गई है।"
स्थानीय निवासी दयाल पात्रा ने बताया, "पति-पत्नी साथ मिलकर पूजा-पाठ करते थे। लेकिन, मैंने अपनी जिंदगी में पहली बार ऐसी घटना देखी है। दो लोगों की हत्या करने के बाद, वह धारदार हथियार लेकर कुछ लोगों के पीछे भी भागा और फिर शहर से फरार हो गया।"
--आईएएनएस
एसडी/एबीएम