☰
×

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में झगड़े के बाद पति ने पत्नी की हत्या कर दी

 

शाहजहांपुर, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां करवा चौथ के शुभ त्यौहार से एक दिन पहले पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने भयावह रूप ले लिया। इस दौरान पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या कर दी और अपने बच्चे को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह घटना अलहागंज पुलिस स्टेशन के अंतर्गत चौरासिया गांव में हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 30 वर्षीय सुशीला के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम अवनीश है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच दिल्ली जाने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जांचकर्ताओं ने बताया कि आरोपी पति घटना के बाद से ही बच्चे को लेकर फरार है। उसे ढूंढने और गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की दो टीमें तैनात की गई हैं।

यह घटना बेंगलुरु में सामने आई एक ऐसी ही घटना के कुछ दिनों बाद हुई है, जहां बिहार के रहने वाले 22 वर्षीय एक युवक को अपनी 25 वर्षीय पत्नी की कथित तौर पर हत्या करने और उसके शव को नाले में फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। यह घटना विवाहेतर संबंध के संदेह को लेकर बार-बार होने वाले झगड़ों के बाद हुई थी।

आरोपी मोहम्मद इरफान ने कथित तौर पर 10 अक्टूबर को अपनी पत्नी रुखसाना की हत्या कर दी थी। उसका शव 13 अक्टूबर को नाले से बरामद किया गया था।

इरफाज और रुखसाना दोनों बिहार के रहने वाले थे और उनकी शादी एक साल पहले हुई थी। रुखसाना की पहले भी शादी हुई थी और पिछली शादी से उसका एक बच्चा था, लेकिन वह अपने पहले पति से अलग हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, बिहार में गुब्बारे बेचते समय दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया था। वे लगभग छह महीने पहले बेंगलुरु आ गए थे, जहां इरफान ने एक कपड़ा कारखाने में काम करना शुरू किया। रुखसाना भी वहां काम करती थी, लेकिन दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे।

इरफान को शक था कि उसकी पत्नी का किसी और से संबंध है क्योंकि वह अक्सर फोन पर बात करती थी। 10 अक्टूबर को विवाद बढ़ गया, जब उसने कथित तौर पर पत्थर उठाकर उसकी हत्या कर दी और फिर उसके मुंह में दुपट्टा ठूंस दिया।

हत्या के बाद, आरोपी ने कथित तौर पर एक अज्ञात व्यक्ति की मोटरसाइकिल का हैंडल लॉक तोड़ दिया और उसका इस्तेमाल शव को ले जाने के लिए किया। बताया जाता है कि उसने शव को मोटरसाइकिल के हैंडल के बीच एक बैग में रखा और मोटरसाइकिल को धक्का देकर उस जगह तक ले गया जहां उसने शव को नाले में फेंक दिया।

--आईएएनएस

एमएस/