उत्तरी दिल्ली में पेड़ से लटकता मिला ऑटो ड्राइवर का शव, पुलिस जांच में जुटी
नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी में यमुना खादर इलाके के पास सोमवार सुबह एक पेड़ से 38 वर्षीय व्यक्ति का शव लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान बुराड़ी क्षेत्र निवासी अखिलेश के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर ऑटो रिक्शा चलाता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, अखिलेश रविवार रात लगभग 10 बजे खाना खाने के बाद कुछ सामान खरीदने का बहाना बनाकर घर से निकले थे। इसके बाद रात भर घर नहीं लौटे।
सोमवार तड़के सुबह सैर के लिए आए लोगों ने यमुना खादर के पास एक पेड़ से लटकता हुआ शव देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
दिल्ली पुलिस और वज़ीराबाद पुलिस स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा सदमा व्यक्त किया और मामले की गहन जांच की मांग की।
मृतक के एक रिश्तेदार ने कहा, “मेरी बेटी ने मुझे फोन करके बताया कि अखिलेश भैया का निधन हो गया है। फिर मैं आज यहां आया। मुझे ज्यादा कुछ नहीं पता कि क्या हुआ और कैसे हुआ। वे यहां ऑटो रिक्शा चलाते थे।”
मृतक के एक अन्य रिश्तेदार ने बताया, “अखिलेश रात करीब 10 बजे घर से निकला और काफी देर तक वापस नहीं लौटा। फिर खबर फैली कि वह पेड़ से लटका हुआ मिला है। हम इस मामले की पूरी जांच चाहते हैं। उसका किसी से कोई विवाद नहीं था।”
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम और आगे की जांच के बाद ही मौत का सही कारण पता चलेगा। अधिकारी मृतक के परिचितों से पूछताछ कर रहे हैं और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। अभी तक परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। अगर शिकायत मिलती है तो केस दर्ज कर जांच की जाएगी।
--आईएएनएस
ओपी/एएस