☰
×

महाराष्ट्र: पत्नी की हत्या के आरोप में फरार पति ने ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या, नालासोपारा में सनसनी

 

नालासोपारा, 7 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नालासोपारा में घरेलू विवाद और पत्नी के चरित्र पर शक के चलते उसकी हत्या करने के आरोपी ने मुंबई के ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन पर लोकल ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।

यह घटना उसकी पत्नी का शव नालासोपारा स्थित उनके घर से मिलने के कुछ ही घंटों बाद हुई।

कुछ ही घंटों के भीतर हुई इन दो घटनाओं से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस हत्या और उसके बाद हुई आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

नालासोपारा पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान मजीद हनीफ खान (50) के रूप में हुई है, जो नालासोपारा पश्चिम के तकीपाड़ा स्थित अमन नगर की अल्ताफीफा बिल्डिंग का रहने वाला था। उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके चलते अक्सर उनके बीच झगड़े और विवाद होते रहते थे।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महिला अपने घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। बच्चे को छोड़ने और लेने के लिए माता-पिता अक्सर उनके घर आते-जाते थे। बताया जा रहा है कि इन लोगों के आने-जाने को लेकर मजीद को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक होने लगा था, जिस वजह से उनके बीच अक्सर बहस होती थी।

मामले में दर्ज शिकायत के अनुसार, 6 नवंबर की रात परिवार ने एक साथ खाना खाया और देर रात तक टीवी देखा। इसके बाद उनकी बेटी हॉल में सोने चली गई, जबकि उसके माता-पिता बेडरूम में ही रहे।

7 नवंबर को सुबह करीब 5 बजे जब बेटी की नींद खुली तो उसने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा खुला था। जब वह बेडरूम में गई तो उसने अपनी मां को फर्श पर बेहोश पाया। उनके चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान थे। उसके पिता घर से गायब थे।

बेटी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके पिता ने किसी धारदार हथियार से उसकी मां पर हमला किया। चेहरे और गर्दन पर लगी गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर नालासोपारा पुलिस थाने की एक टीम मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू कर दी।

इस बीच पुलिस को जानकारी मिली कि मजीद हनीफ खान ने मुंबई के ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन पर एक लोकल ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस अब घटनाओं के क्रम और उन परिस्थितियों की जांच कर रही है, जिनकी वजह से ये दोनों घटनाएं हुईं।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी