रविशंकर ने ईवीएम पर टिप्पणी को लेकर साधा निशाना, बोले-ममता बनर्जी हार रहीं, इसलिए हैं निराश
नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने रविवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर सवाल उठाने वाली उनकी टिप्पणियों को लेकर तीखा हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बयान चुनावी दबाव के बीच उनकी 'निराशा' को दिखाते हैं।
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने ममता बनर्जी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'ममता बनर्जी हार रही है और हताश हैं। उन्होंने ईवीएम के जरिए दो बार जीत हासिल की है, है ना? वो मुख्यमंत्री कैसे बनीं, ईवीएम के जरिए ही तो? हां, ग्राम पंचायत चुनावों में मतपत्रों की हेराफेरी के आरोप लगते हैं। तो जब आप ईवीएम से जीतती हैं, तो ठीक है, लेकिन अब जब लोग आपको हराना चाहते है, तो आप कहते है कि सिस्टम में खामी है, ये कैसी सोच है।"
उन्होंने बताया कि कांग्रेस समेत कई विपक्षी नेता भी ईवीएम के जरिए चुने गए है।
उन्होंने कहा, "आज कांग्रेस पार्टी कई जगहों पर सत्ता में है और उनके सांसद भी ईवीएम के जरिए चुने गए है। इस तरह की निराशा सिर्फ एक ही बात दर्शाती है कि ममता बनर्जी वहां हार रही है।"
वहीं, जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने बनर्जी की टिप्पणियों को लोकतंत्र विरोधी बताया।
उन्होंने कहा, 'यह बयान लोकतंत्र विरोधी है। मतदान करना एक नागरिक का कर्तव्य है, और इससे बचने की कोई भी सलाह, विशेष रूप से एक निर्वाचित मुख्यमंत्री की ओर से अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।"
इससे पहले शनिवार को, ममता बनर्जी ने मतदाताओं से ईवीएम में कथित खराबी की स्थिति में मतदान रोकने और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के किसी भी प्रयास के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया।
मानिकचक में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाताओं को खराब मशीनों को बदलने पर जोर देना चाहिए और मतदान व्यवस्था पर कड़ी नजर रखनी चाहिए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों का इस्तेमाल करके वास्तविक मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचने से रोकने का प्रयास कर सकती है और लोगों को आगाह किया कि वे मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए इलाकों में प्रवेश करने वाले बाहरी लोगों के प्रति सतर्क रहे।
--आईएएनएस
एएसएच/पीएम