मालवीय नगर अग्निकांड: दिल्ली मुख्यमंत्री ने पीड़ितों के परिजनों को अनुग्रह राशि सौंपी
नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को मालवीय नगर के हौज रानी में लगी आग और साकेत के सैदुलजाब में इमारत गिरने से जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने दोनों घटनाओं में मृतकों और घायलों के परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज मालवीय नगर और सैदुलजाब में हुई दुखद घटनाओं में अपनों को खोने वाले परिवारों से मुलाकात की, आर्थिक सहायता प्रदान की और अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि दुख की इस घड़ी में दिल्ली सरकार प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ सहानुभूति से खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन के साथ मिलकर काम करते हुए दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठा रही है कि ऐसी त्रासदी दोबारा न हो। प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और कल्याण सर्वोपरि है, और सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्कता और तत्परता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
पिछले महीने, मुख्यमंत्री ने दोनों घटनाओं में जान गंवाने वाले प्रत्येक पीड़ित के परिवार को 10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की थी, साथ ही घायल नागरिकों को 2 लाख रुपए की वित्तीय सहायता भी प्रदान की थी।
मुख्यमंत्री ने उन साहसी नागरिकों, पुलिसकर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बचाव कर्मियों को भी सम्मानित किया, जिन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाली।
एक अधिकारी ने बताया कि उनके प्रयासों को मान्यता देते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र और 21,000 रुपए के चेक प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से रियाजुद्दीन मंसूरी को सम्मानित किया, जिन्होंने हौज रानी अग्निकांड के दौरान असाधारण साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए गद्दे बिछाए। उनके इस प्रयास से कई लोगों की जान बच पाई।
उनके मानवीय प्रयासों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए गद्दों की लागत की प्रतिपूर्ति की और उन्हें प्रोत्साहन के प्रतीक के रूप में 21,000 रुपए का चेक प्रदान किया।
साकेत भवन ढहने की घटना के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देने वालों में दक्षिण जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के जिला परियोजना अधिकारी चंदर प्रकाश, दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर रितेश कुमार शर्मा, कांस्टेबल मनीष कुमार जांगिड़, कांस्टेबल विवेक शाक्य, कांस्टेबल अंगद मीना, स्थानीय निवासी कपिल गिरी और हरजीत कुमार तथा डॉ. रफीक खान शामिल थे।
मुख्यमंत्री ने मालवीय नगर में लगी आग के दौरान बचाव कार्यों में अपनी साहसी भूमिका निभाने वाले इसरार खान, कमल कुमार, शशि कुमार, पवन कुमार, राकेश कुमार, संजय गोयल, शिव कुमार, गोविंद, कुणाल, मोहम्मद उवैस, मोहम्मद अफजल, मोहम्मद अनीस, आमिर खान, वसीम राजा, मोहम्मद शोहैब खान, रियाजुद्दीन, इंस्पेक्टर विनय यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश, हेड कांस्टेबल करतार, हेड कांस्टेबल राजवीर, हेड कांस्टेबल देशराज, वसीम खान गौरी और राजपाल को भी सम्मानित किया।
--आईएएनएस
एमएस/