☰
×

दक्षिण कोलकाता की झुग्गी बस्ती में लगी भीषण आग, कई घर जलकर खाक

 

कोलकाता, 19 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण कोलकाता के पाम एवेन्यू स्थित एक झुग्गी बस्ती में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। इस आग से कई घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। सूचना पर पहुंची दमकल की 15 गाड़ियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

शुरुआती जांच से पता चला है कि आग झुग्गी बस्ती के अंदर स्थित एक गोदाम से शुरू हुई थी। स्थानीय लोगों ने मीडिया को बताया कि गुरुवार सुबह 4:30 बजे सिलेंडर फटने की आवाज सुनाई दी। इसके तुरंत बाद झुग्गी में रहने वालों ने देखा कि आग तेजी से आसपास की झोपड़ियों में फैल रही है।

इस घटना से घबराकर स्थानीय लोगों ने पहले खुद ही आग बुझाने की कोशिश की लेकिन जैसे-जैसे आग फैलती गई, उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचने लगीं। आग इतनी भीषण थी कि गोदाम के आसपास के कई झुग्गियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

दमकल कर्मियों का पहला काम आग को फैलने से रोकना और साथ ही आग की चपेट में आए इलाके से झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना था। तंग गलियों और भीड़भाड़ वाली जगह होने के कारण, दमकल कर्मियों को आग बुझाने के काम में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद आग बुझाने का काम पूरी तेजी से शुरू हुआ। आखिरकार, लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गुरुवार सुबह 8:30 बजे आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया।

मौके पर मौजूद दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "अब स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। हालांकि, आग के कहीं और छिपे होने की संभावना को देखते हुए उसे पूरी तरह बुझाने की कोशिशें जारी हैं, ताकि आग दोबारा न भड़क उठे। साथ ही, कूलिंग का काम भी चल रहा है। हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है लेकिन घनी और तंग झुग्गी बस्ती में कई झोपड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। नुकसान का सही आकलन अभी बाकी है।"

उन्होंने आगे कहा, "हो सकता है कि आग किसी सिलेंडर के फटने से लगी हो, जैसा कि स्थानीय लोगों का दावा है।"

पिछले कुछ महीनों में कोलकाता में आग लगने की कई घटनाएं हुई हैं। इनमें सबसे भयानक घटना 18-19 अगस्त की रात को मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर स्थित एक होटल में हुई थी, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम