महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस मुंबई के कायापलट का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं: पीयूष गोयल
नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई के कायापलट का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं, जहां नागरिकों के लिए सुगम जीवन सर्वोपरि है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में गोयल ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री फडणवीस को आज उत्तर मुंबई को 'उत्तम मुंबई' में बदलने के लिए आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने के लिए धन्यवाद देता हूं, जिसमें यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इस क्षेत्र के नागरिकों को विश्व स्तरीय सेवाएं उपलब्ध हों, चाहे वह स्वास्थ्य सेवा हो, बुनियादी ढांचा हो या अन्य नागरिक सुविधाएं।
इससे पहले, गोयल की उपस्थिति में फडणवीस ने मुंबई उत्तर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
फडणवीस ने कहा कि एमएमआर में कई बुनियादी ढांचा परियोजनाएं चल रही हैं, जिनसे परिवहन की गति बढ़ेगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे परियोजना प्रभावित नागरिकों के लिए आरक्षित 'हाउसिंग स्टॉक' का प्रभावी उपयोग करने के लिए एक नीति बनाएं।
उन्होंने कहा कि एमएमआरडीए की कई जमीनों पर विकास कार्य जारी है और कई और परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त सर्वेक्षण करने और केंद्र सरकार को एक समेकित भूमि प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, निर्देश दिया गया है कि अदालत के आदेशों के अनुसार, एमएमआरडीए के अंतर्गत आने वाली जमीनों से जुड़े लंबित कानूनी मामलों को शीघ्रता से निपटाने के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए।
उन्होंने आगे निर्देश दिया कि बीएमसी शताब्दी और भगवती अस्पतालों में उपकरण, स्वच्छता और कर्मचारियों की व्यवस्था में सुधार करे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई के ग्राम बस्तियों के सीमांकन में तेजी लाने का निर्देश दिया जाता है ताकि सभी निवासियों को नागरिक सुविधाएं मिल सकें। साथ ही, दिल्ली के भारत मंडपम की तर्ज पर गोराई में एक 'कन्वेंशन सेंटर' के लिए मास्टर प्लान विकसित करने का भी निर्देश दिया जाता है।
उन्होंने आगे कहा कि ये पहल मुंबई के शहरी परिदृश्य को नया रूप देने बेहतर कनेक्टिविटी, उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा और प्रत्येक नागरिक के लिए गरिमापूर्ण जीवन स्तर सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
--आईएएनएस
एमएस/