महाराष्ट्र एटीएस ने मुंबई के माहिम से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध को किया गिरफ्तार
मुंबई, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने मुंबई के माहिम इलाके से 33 वर्षीय एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। उस पर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का शक है।
आरोपी की पहचान मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर के रूप में हुई है। उसे एक गुप्त सूचना के आधार पर महाराष्ट्र एटीएस की कालाचौकी यूनिट ने माहिम मेट्रो स्टेशन के पास से पकड़ा।
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी रैपिडो राइडर और इत्र विक्रेता के तौर पर काम करने की आड़ में कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार कर रहा था। एटीएस ने बताया कि वह विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए सांप्रदायिक नफरत और राष्ट्र-विरोधी भावनाएं फैलाने की कोशिश कर रहा था। जांच टीम को उसके मोबाइल फोन से ऐसी गतिविधियों से जुड़ी सामग्री भी मिली है।
एजेंसी के मुताबिक, आरोपी एक टेलीग्राम ग्रुप चलाता था। आरोप है कि उसने 1 जून को इस ग्रुप पर जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मौलाना मसूद अजहर के भड़काऊ ऑडियो भाषण अपलोड किए थे, जो बाबरी मस्जिद और अन्य मुद्दों से जुड़े थे। एटीएस ने यह भी दावा किया कि वह 'इब्न-ए-कासिम' नाम के एक पाकिस्तान-समर्थित चरमपंथी टेलीग्राम चैनल का सक्रिय सदस्य था।
इससे पहले, 14 अक्टूबर को महाराष्ट्र एटीएस ने राज्य में पांच अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की और कई लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान एक अंतरराष्ट्रीय वॉट्सऐप ग्रुप का पता चला, जिसमें पाकिस्तान और खाड़ी देशों सहित विभिन्न देशों के लोग जुड़े थे।
महाराष्ट्र एटीएस ने रत्नागिरी जिले के राजापुर में रहने वाले एक शिक्षक से कई घंटों तक पूछताछ की थी। पूछताछ के बाद शिक्षक को छोड़ दिया गया था। जांच एजेंसी को एक वॉट्सऐप ग्रुप के बारे में जानकारी मिली थी जिसमें विभिन्न देशों के लोग शामिल हैं।
ग्रुप में धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों की मौजूदगी की भी बात सामने आई। बताया गया कि ग्रुप में धार्मिक विषयों पर चर्चा होती थी। जांच एजेंसी ने इस बात की जांच की कि क्या यह वॉट्सऐप ग्रुप आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़ा है।
--आईएएनएस
डीसीएच/