☰
×

बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र, अगले हफ्ते चक्रवाती तूफान आने की आशंका

 

अमरावती, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से चक्रवाती तूफान की आशंका है। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने शुक्रवार को बताया कि 24 अक्टूबर तक इसी क्षेत्र में कम दबाव का एक क्षेत्र अधिक गहरा होकर 'डिप्रेशन' में बदल सकता है और 25 अक्टूबर तक यह 'डीप डिप्रेशन' का रूप ले सकता है।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने बताया कि 26 अक्टूबर की सुबह तक, इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। अगले दो दिनों में, इसके उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों की ओर बढ़ने का अनुमान है। इसके प्रभाव से पूरे आंध्र प्रदेश में व्यापक बारिश होने की उम्मीद है। आम जनता और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही मछुआरों को तत्काल समुद्र से तट पर लौटने के लिए कहा गया है।

तमिलनाडु और केरल के क्षेत्रों में बने कम दबाव के तंत्र के प्रभाव के कारण शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। 24 और 25 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। साथ ही कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है। 26 अक्टूबर से पूरे राज्य में व्यापक बारिश होने का अनुमान है। कुछ अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

तटीय इलाकों में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गुरुवार को बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से, आज पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का एक क्षेत्र बन गया है।

इसके इसी क्षेत्र में बने रहने और शनिवार तक 'डिप्रेशन' में बदलने की आशंका है। इसके बाद, इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 25 अक्टूबर तक 'डीप डिप्रेशन' में बदलने तथा 26 अक्टूबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में तब्दील होने का अनुमान है। यह अधिक तीव्र होकर अगले दो दिनों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए उत्तरी आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के तटों की तरफ जाने का अनुमान है।

--आईएएनएस

एसडी/एबीएम