×

'अभिनेता राहुल बनर्जी की मौत की जांच सीआईडी से कराई जाए', सुवेंदु अधिकारी करेंगे ओडिशा सीएम माझी से अनुरोध

 

कोलकाता, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि वह ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से बात करेंगे और उनसे अनुरोध करेंगे कि बंगाली अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत की जांच ओडिशा की सीआईडी से कराई जाए।

मीडिया से बात करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा, “तलसारी कोस्टल पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज की गई है। मुझे उसकी कॉपी मिल गई है। मैं आज ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से बात करूंगा ताकि इस मामले की जांच राज्य की सीआईडी से कराई जा सके। लीना गंगोपाध्याय उन्हें बचाने की कोशिश हो रही है।

सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि लीना गंगोपाध्याय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीब हैं और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष भी हैं। पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। ममता की पुलिस कुछ नहीं करेगी।

गौरतलब है कि लीना गंगोपाध्याय राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष हैं।

भाजपा नेता ने आगे कहा, "जैसे आनंदपुर में आग की घटना में ममता बनर्जी ने एक मोमो कंपनी के मालिक को बचाया था, वैसे ही यहां भी वह गंगोपाध्याय को बचाने की कोशिश कर रही हैं।"

इस पर पलटवार करते हुए तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा, "सुवेंदु अधिकारी के बॉडीगार्ड की रहस्यमयी मौत हुई थी, पहले उसकी पूरी जांच होनी चाहिए। उसके बाद ही उन्हें इस मामले की जांच की मांग करनी चाहिए। आरजी कर मामले में 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। पश्चिम बंगाल सरकार सबसे संवेदनशील सरकार है और यहां तुरंत कार्रवाई होती है।"

ओडिशा सीआईडी से जांच की मांग पर कुणाल घोष ने कहा, "ओडिशा में रेप के मामलों में पुलिस गिरफ्तारी नहीं कर रही है। समुद्र तट पर घटनाएं हुई हैं। पश्चिम बंगाल पुलिस सक्षम है और जांच कर रही है। राहुल की मौत दुखद है। अगर किसी की लापरवाही है तो कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन इसमें राजनीति नहीं होनी चाहिए।"

बता दें कि दिवंगत अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की पत्नी प्रियंका सरकार ने कोलकाता के रीजेंट पार्क और ओडिशा के तलसारी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने शूटिंग से जुड़ी प्रोडक्शन कंपनी के पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, जिनमें शैबल बनर्जी, लीना गंगोपाध्याय, निर्देशक सुभाषिष मंडल, फ्लोर एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर शांतनु नंदी और मैनेजर चंद्रशेखर चक्रवर्ती शामिल हैं।

इस घटना के विरोध में बंगाली फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के कलाकारों और तकनीशियनों ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल का आह्वान किया है।

अब मांग उठ रही है कि हर शूटिंग स्थल पर एम्बुलेंस अनिवार्य रूप से मौजूद हो। कलाकारों और क्रू ने सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की भी मांग की है।

29 मार्च को 42 वर्षीय अभिनेता राहुल की मौत तब हो गई थी, जब वह टीवी सीरियल ‘भोले बाबा पार करेगा’ की शूटिंग के दौरान तलसारी समुद्र तट पर पानी में चले गए थे और ज्वार आ गया था। इस दुखद घटना से पूरी बंगाली फिल्म और टीवी इंडस्ट्री स्तब्ध है।

--आईएएनएस

डीएससी