केतन हत्याकांड : लोनावाला पुलिस सिया और चेतन का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की कर रही तैयारी
मुंबई, 2 जुलाई (आईएएनएस)। लोनावला ग्रामीण पुलिस व्यवसायी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में दोनों आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने के लिए अदालत से अनुमति लेने की तैयारी कर रही है।
लोनावला ग्रामीण पुलिस स्टेशन के अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ के दौरान जरूरी जानकारी छिपाई है। सच का पता लगाने और उनके बयानों की पुष्टि करने के लिए पुलिस पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए कोर्ट से मंजूरी लेने की योजना बना रही है।
चल रही जांच के तहत पुलिस गुरुवार को मुख्य आरोपी सिया गोयल को उसके घर ले गई ताकि पंचनामा (घटनास्थल और सबूतों की आधिकारिक दस्तावेज़ीकरण प्रक्रिया) पूरा किया जा सके।
दोनों आरोपियों की पुलिस कस्टडी 3 जुलाई को खत्म होने वाली है। रिमांड की अवधि खत्म होने के बाद सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की अनुमति के लिए पुलिस द्वारा कोर्ट में अर्जी देने की उम्मीद है।
सिया गोयल और उनके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर पुणे के पास लोहागढ़ किले की एक चट्टान से धक्का देकर सिया के मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या करने का आरोप है। जांच के तहत, पुलिस ने मंगलवार और बुधवार को किले में क्राइम सीन को फिर से तैयार (रीक्रिएट) किया।
पुलिस ने चौधरी की चाल-ढाल का भी विश्लेषण (गेट एनालिसिस) किया ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वही हुडी पहने हुए व्यक्ति था, जिसे कथित हत्या से कुछ समय पहले केतन और सिया का पीछा करते हुए देखा गया था।
बुधवार सुबह 7 बजे 25 से ज़्यादा पुलिसकर्मियों की देखरेख में चेतन चौधरी को लोहागढ़ किले ले जाया गया, जबकि सिया को घटनाक्रम को फिर से समझने की प्रक्रिया के लिए एक दिन पहले ही उसी जगह ले जाया गया था।
जांच में यह भी पता चला है कि महाराष्ट्र के एक जाने-माने बिजनेसमैन के बेटे केतन अग्रवाल को शादी से पहले ही सिया और चेतन चौधरी के कथित रिश्ते पर शक हो गया था। पुलिस के मुताबिक, केतन ने अपने परिवार से शादी से पहले सिया के बैकग्राउंड की जांच करने के लिए भी कहा था।
अधिकारियों ने बताया कि केतन के पिता ने अपनी शिकायत में कहा कि उनका बेटा सिया और चेतन चौधरी की बढ़ती नजदीकियों को लेकर बार-बार चिंता जताता था। खबरों के मुताबिक, उसने अपने परिवार को बताया था कि सिया बातचीत के दौरान अक्सर चेतन चौधरी का जिक्र करती थी और उसे शक था कि दोनों के बीच कोई रिश्ता है। हालांकि, परिवारवालों ने उसे भरोसा दिलाया कि सिया के परिवार के साथ उनके पुराने संबंध हैं और चिंता की कोई बात नहीं है।
इस जोड़े ने फरवरी में अपनी सगाई की घोषणा की थी और नवंबर में उनकी शादी होने वाली थी। खबरों के मुताबिक, उनके परिवारों ने जयपुर में एक महल लगभग 17 करोड़ रुपये में बुक किया था और मेहमानों को शादी में लाने-ले जाने के लिए दो प्राइवेट विमानों का इंतजाम भी किया था।
परिवारों ने शादी से कुछ महीने पहले बाली घूमने का भी प्लान बनाया था लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पहुंचने पर केतन को पता चला कि उसका पासपोर्ट गायब है, जिसके बाद यह ट्रिप रद्द कर दी गई। केतन के पिता के अनुसार, रास्ते में एक फूड कोर्ट पर रुकने के दौरान कार में वापस आकर सिया ने जानबूझकर पासपोर्ट ले लिया था, जिसकी वजह से ट्रिप रद्द करनी पड़ी।
पुलिस का यह भी आरोप है कि 14 जून को सिया केतन को लोहागढ़ किले ले गई, जहां उसने कथित तौर पर उसे पहाड़ी से नीचे धकेलने की नाकाम कोशिश की। पुलिस का दावा है कि केतन एक झाड़ी को पकड़कर खुद को बचाने में कामयाब रहा। शक से बचने के लिए सिया ने कथित तौर पर उसे गले लगाने से पहले सांप दिखने का शोर मचाकर ध्यान भटकाने की कोशिश की।
ट्रिप से लौटने के बाद केतन ने फिर से अपने पिता से पूछा कि क्या सिया के बैकग्राउंड की ठीक से जांच की गई थी। उसने बताया कि जब भी वह उससे संपर्क करने की कोशिश करता था, उसका फोन अक्सर व्यस्त रहता था। पुलिस के अनुसार सिया गोयल और चेतन चौधरी ने कथित तौर पर 18 जून को केतन अग्रवाल की हत्या कर दी।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम