×

दक्षिणपूर्वी ऑस्ट्रेलिया में जारी की गई जानलेवा बाढ़ की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

 

मेलबर्न, 2 मार्च (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण‑पूर्वी राज्यों विक्टोरिया और न्यू साउथ वेल्स में बाढ़ की आपातकालीन चेतावनी जारी की गई है।

ऑस्ट्रेलिया के मौसम विभाग ने सोमवार को विक्टोरिया के मध्य और उत्तरी हिस्सों और न्यू साउथ वेल्स के दक्षिण और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में भारी की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने कहा कि सेंट्रल विक्टोरिया के शहर सिमोर से लेकर पश्चिमी न्यू साउथ वेल्स के ब्रोकन हिल तक लगभग 650 किमी तक के क्षेत्र में सोमवार को छह घंटे में कुल 100 मिमी तक बारिश हो सकती है।

बयान में कहा गया, "इस दौरान तीव्र बारिश होगी, जो खतरनाक और जानलेवा बाढ़ का कारण बन सकती है। इसके साथ ही तेज आंधी-तूफान के साथ अधिक बारिश की संभावना है।”

विक्टोरिया और न्यू साउथ वेल्स की स्टेट इमरजेंसी सर्विस शाखाओं ने लोगों से कहा है कि वे बाढ़ वाले इलाकों में पानी में गाड़ी न चलाएं और नदियों से दूर रहें।

मौसम विभाग द्वारा रविवार को जारी फ्लड वॉच अपडेट्स के अनुसार, भारी बारिश से 20 से अधिक जलाशय प्रभावित हो सकते हैं।

इससे पहले 27 फरवरी को, साउथ ऑस्ट्रेलिया में तीव्र बारिश के कारण खतरनाक फ्लैश बाढ़ के लिए आपातकालीन चेतावनी जारी की गई थी।

मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह जारी एक गंभीर मौसम चेतावनी में कहा था कि शुक्रवार को साउथ ऑस्ट्रेलिया के उत्तर और उत्तर-पूर्व में भारी बारिश होगी, जो सप्ताह के अंत तक राज्य की राजधानी एडिलेड की ओर बढ़ सकती है।

--आईएएनएस

एएमटी/एएस