☰
×

लिकटेंस्टीन के प्रिंस एलोइस पत्नी के साथ पहुंचे गुजरात

 

वडोदरा, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। लिकटेंस्टीन के वंशागुनत प्रिंस एलोइस और उनकी पत्नी, प्रिंसेस सोफिया, भारत की अपनी राजकीय यात्रा पर सोमवार को गुजरात पहुंचे। वडोदरा हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

गुजरात के राज्य मंत्री प्रफुल्लभाई पानशेरिया और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने राजकुमार और राजकुमारी का स्वागत किया। इसके बाद, शाही जोड़े का काफिला वडोदरा हवाई अड्डे से मंजूसर स्थित एक कंपनी के दौरे के लिए रवाना हुआ।

राजकुमार एलोइस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर अपनी राजकीय यात्रा के लिए मुंबई पहुंचे। जिसकी जानकारी विदेश मंत्रालय (एमईए) ने दी थी।

उनके साथ पत्नी राजकुमारी सोफिया और उच्च-स्तरीय सरकारी व व्यावसायिक प्रतिनिधिमंडल भी आया है, जिसमें उद्योग जगत के प्रमुख नेता शामिल हैं।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने 'एक्स' पोस्ट के जरिए प्रिंस के आगमन की जानकारी दी। लिखा, "भारत में आपका हार्दिक स्वागत है! लिकटेंस्टीन के राजकुमार एलोइस भारत की राजकीय यात्रा पर मुंबई पहुंचे। महाराष्ट्र सरकार के प्रोटोकॉल मंत्री जयकुमार रावल ने उनका स्वागत किया। भारत और लिकटेंस्टीन के बीच साझा मूल्यों पर आधारित मधुर और सौहार्दपूर्ण संबंध हैं।"

राजकुमार एलोइस की 2026 में यह भारत की दूसरी यात्रा है; इससे पहले वे फरवरी में 'एआई इम्पैक्ट समिट' में भाग लेने के लिए नई दिल्ली आए थे। 2010 और 2018 में भी भारत आ चुके हैं।

मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में राजकुमार एलोइस का औपचारिक स्वागत किया जाएगा। विदेश मंत्री एस. जयशंकर उनसे मुलाकात करेंगे। राजकुमार एलोइस राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, मंगलवार को हैदराबाद हाउस में राजकुमार एलोइस की प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत होगी। इस दौरान वे व्यापार और निवेश, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग, तथा लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान पर चर्चा करेंगे। साथ ही, वे क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा करेंगे।

गुरुवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी, राजकुमार एलोइस से मुलाकात करेंगे।

राजकुमार एलोइस राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे, जो उनके सम्मान में एक आधिकारिक भोज (बैंक्वेट) का आयोजन करेंगी।

--आईएएनएस

केआर/