×

स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर पहुंचे लालू यादव, बेटी रोहिणी आचार्य से मुलाकात का वीडियो वायरल

 

पटना, 30 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर पहुंच गए हैं। सिंगापुर एयरपोर्ट पर उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पिता-पुत्री के भावुक मिलन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

काफी समय बाद अपने पिता से मुलाकात के दौरान रोहिणी आचार्य भावुक हो गईं और एयरपोर्ट पर उन्हें गले लगाकर स्वागत किया। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।

बताया जा रहा है कि लालू यादव अपने साथ भारत से आम, लीची, लड्डू और अन्य घरेलू सामान भी लेकर गए हैं, जिन्हें उन्होंने सिंगापुर में रह रहे परिवार के सदस्यों के लिए ले जाया।

रोहिणी आचार्य ने इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अपने पिता के प्रति गहरा स्नेह व्यक्त किया। उन्होंने भावुक संदेश में लिखा कि ऐसा लग रहा है मानो उनके घर स्वयं भगवान पधारे हों। उन्होंने अपने पिता को अपनी दुनिया का केंद्र बताते हुए कहा कि उनके लिए चारों धाम घर आ गए हैं और उनके चरणों की धूल भी आशीर्वाद के समान है।

गौरतलब है कि वर्ष 2022 में लालू प्रसाद यादव का सिंगापुर में किडनी प्रत्यारोपण हुआ था। उस समय रोहिणी आचार्य ने अपनी एक किडनी दान कर अपने पिता की जान बचाई थी। सफल प्रत्यारोपण के बाद से लालू यादव समय-समय पर नियमित स्वास्थ्य जांच और फॉलो-अप परामर्श के लिए सिंगापुर जाते रहे हैं।

परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, इस बार भी उनकी यात्रा केवल निर्धारित मेडिकल चेकअप के लिए है। सिंगापुर प्रवास के दौरान वह रोहिणी आचार्य के आवास पर ही ठहरेंगे।

रोहिणी आचार्य पारिवारिक भूमिका के साथ-साथ राजनीति में भी सक्रिय रही हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में सारण संसदीय सीट से राजद उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और बिहार की राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाई थी।

हाल के वर्षों में परिवार और पार्टी के कुछ हलकों में मतभेदों की खबरें भी सामने आई थीं। रोहिणी ने सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया था कि तेजस्वी यादव के करीबी कुछ लोगों ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया और चुनावी हार के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया गया। उन्होंने सम्मान की कमी को लेकर भी नाराजगी जताई थी।

इन घटनाक्रमों के बाद रोहिणी कथित तौर पर परिवार के कई आयोजनों से दूर रहीं। हाल ही में वह तेजस्वी यादव के पुत्र इराज के जन्मदिन समारोह में भी शामिल नहीं हुई थीं, जबकि परिवार के अधिकांश सदस्य उस कार्यक्रम में मौजूद थे।

--आईएएनएस

डीएससी