कोलकाता हादसा : मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी विधानसभा में देंगे घटना पर विस्तृत बयान
कोलकाता, 25 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी गुरुवार को राज्य विधानसभा में कोलकाता के ताराताला इलाके में हुई घटना पर एक विस्तृत बयान देंगे। इस घटना में अब तक 7 लोगों की मौत हुई है और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
कोलकाता की घटना पर मुख्यमंत्री का बयान काफी अहम होगा। खासकर उन गंभीर आरोपों को देखते हुए, जो गोदाम के मालिक शंभूनाथ बेहरा पर लगे हैं। आरोप है कि उन्होंने कोलकाता नगर निगम के पिछले तृणमूल कांग्रेस-शासित बोर्ड के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से यह गोदाम अवैध रूप से बनवाया था।
शंभूनाथ बेहरा को गुरुवार तड़के कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पूछताछ के लिए बुधवार रात हिरासत में लिए गए तीन अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। इनमें गोदाम का सुपरवाइजर मोहम्मद गुलजार, लेबर कॉन्ट्रैक्टर मोहम्मद अतायुल और सुभाष चौधरी शामिल हैं।
सामने आया कि सीपीएम की ट्रेड यूनियन शाखा से जुड़ी पोर्ट ट्रस्ट की वर्कर्स यूनियन ने गोदाम के निर्माण को लेकर सवाल उठाए थे। यूनियन ने 11 जून को एक पत्र के जरिए अधिकारियों को आगाह भी किया था कि इस गोदाम से किसी हादसे का खतरा हो सकता है। यूनियन के अनुसार, इस निर्माण में मुख्य रूप से कुख्यात माफिया असगर शामिल था।
वहीं, पोर्ट ट्रस्ट अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्माण की अनुमति निगम अधिकारियों ने दी थी, इसलिए किसी भी तरह की गैर-कानूनी गतिविधि की जांच करना उनकी जिम्मेदारी थी।
बता दें कि कोलकाता के ताराताला में बुधवार को निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरने के बाद लगभग 20 घंटे से राहत और बचाव कार्य जारी है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें बचाव अभियान में जुटी हैं। आशंका है कि कुछ लोग अभी भी मलबे के अंदर फंसे हो सकते हैं।
हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से गोदाम के गिरे हुए ढांचे को हटा दिया गया है। कुल 29 लोगों को घटनास्थल से बचाया गया। 20 से अधिक घायल व्यक्तियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
--आईएएनएस
डीसीएच/