कोलकाता गोदाम हादसा: सरकार ने कंस्ट्रक्शन कंपनी और आर्किटेक्ट को किया ब्लैकलिस्ट
कोलकाता, 26 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित तारातला में बन रहे एक गोदाम की छत गिरने से मरने वालों की संख्या शुक्रवार सुबह तक बढ़कर 15 हो गई है। इसके बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने गोदाम बनाने वाली कंस्ट्रक्शन कंपनी और इस स्ट्रक्चर के आर्किटेक्ट, दोनों को पूरी तरह से ब्लैकलिस्ट करने की घोषणा की।
इसका मतलब है कि वे अब राज्य में कोई भी प्रोजेक्ट, चाहे वह प्राइवेट हो या सरकारी, नहीं ले सकते।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मीडिया से कहा, "कंस्ट्रक्शन कंपनी 'अयान ट्रेडर्स' की तरफ से निगरानी में कमी थी। इस मामले में स्ट्रक्चर के आर्किटेक्ट भी अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकते। इसीलिए कंस्ट्रक्शन कंपनी और स्ट्रक्चर के आर्किटेक्ट को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।"
पता चला है कि शंभूनाथ बेहरा नाम के एक व्यक्ति ने कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट अथॉरिटी से 30 साल की लीज पर जमीन ली थी, ताकि वहां तीन मंजिला गोदाम बनाया जा सके। बेहरा ने कंस्ट्रक्शन का काम 'अयान ट्रेडर्स' को दिया, जो पोर्ट एरिया में कई कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट संभाल रही थी।
बुधवार को तारातला में बन रहे गोदाम की छत गिरने के मामले में कोलकाता पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) की शुरुआती जांच से पता चला है कि दो वजहों से यह हादसा हुआ। खराब क्वालिटी का कंस्ट्रक्शन मटीरियल इस्तेमाल करना और गलत कास्टिंग पैटर्न अपनाना। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की जान जा चुकी है।
कोलकाता पुलिस ने कहा कि वे तारातला में बन रहे गोदाम की साइट पर हादसे के समय मौजूद मजदूरों की सही संख्या का पता नहीं लगा पाए, क्योंकि मैनेजरों ने कोई अटेंडेंस रिकॉर्ड नहीं रखा था।
पुलिस के मुताबिक, गोदाम में मजदूरों का कोई रजिस्टर नहीं था और इसलिए मलबे के नीचे कितने लोग अभी फंसे हो सकते हैं, इसकी कोई सही गिनती नहीं है।
मुख्यमंत्री अधिकारी के मुताबिक यह 'अयान ट्रेडर्स' और आर्किटेक्ट की जिम्मेदारी थी कि वे निगरानी करें और देखें कि कंस्ट्रक्शन स्टैंडर्ड सेफ्टी नियमों के अनुसार और अच्छी क्वालिटी के कंस्ट्रक्शन मैटेरियल का इस्तेमाल करके किया जा रहा है या नहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा, "इस मामले में कम से कम निगरानी भी नहीं की गई। इसलिए उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। यह तो बस शुरुआत है। भरोसा रखिए कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।"
उन्होंने आम लोगों से यह अपील भी की कि जो कोई भी बिल्डिंग प्लान में धोखाधड़ी का शिकार होता है, उसे तुरंत लोकल पुलिस स्टेशन जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा, "हम जरूर कार्रवाई करेंगे।"
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी