भक्तों के साथ सम्मान से पेश आएं गुरुवायुर देवस्वोम कर्मचारी, केरल हाईकोर्ट ने दिया सख्त निर्देश
कोच्चि, 20 नवंबर (आईएएनएस)। किसी भक्त के लिए मंदिर जाना एक भावनात्मक और बेहद निजी अनुभव होता है। लोग आस्था, प्रार्थना और भगवान के सामने कुछ शांतिपूर्ण पल बिताने की उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन जब दर्शन के लिए लंबे इंतजार के बाद भीड़ को संभालने वाले लोगों की ओर से कठोर शब्द, गुस्सा या बुरा बर्ताव झेलना पड़े, तो इससे भक्तों को गहरी ठेस पहुंच सकती है।
केरल उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि गुरुवायुर श्री कृष्ण मंदिर में आने वाले हर भक्त को देवस्वोम बोर्ड और उसके कर्मचारियों से उचित देखभाल, सम्मान और गरिमा पाने का अधिकार है।
जस्टिस देवन रामचंद्रन और जस्टिस बसंत बालाजी की बेंच ने कहा, "मंदिर में आने वाले हर भक्त की देखभाल की जानी चाहिए और उनके साथ पूरे सम्मान और शालीनता से पेश आना चाहिए।"
अदालत ने कहा कि मंदिर के हर स्तर के कर्मचारियों को संयम बनाए रखना चाहिए। उन्हें न तो अपना आपा खोना चाहिए और न ही भक्तों के प्रति गुस्सा दिखाना चाहिए।
यह टिप्पणी अदालत द्वारा स्वतः संज्ञान लेकर शुरू किए गए दो मामलों के दौरान आई। ये मामले उन पत्रों के आधार पर शुरू किए गए थे, जिनमें भक्तों ने मंदिर में खुद को और अन्य तीर्थयात्रियों को परेशान किए जाने की शिकायत की थी।
पीठ ने माना कि गुरुवायुर में भीड़ को संभालना एक कठिन काम है। सैकड़ों भक्त कतारों में घंटों इंतजार करते हैं और कई लोग भगवान के सामने ज्यादा से ज्यादा समय बिताना चाहते हैं।
वहीं, कर्मचारियों को कतारों को आगे बढ़ाते रहना होता है और यह सुनिश्चित करना होता है कि हर किसी को दर्शन का मौका मिले।इसके लिए भक्तों की इच्छाओं और मंदिर के कर्मचारियों की जिम्मेदारियों के बीच एक सही संतुलन बनाने की जरूरत है, लेकिन काम का दबाव या कोई उकसावे वाली स्थिति भी किसी कर्मचारी द्वारा बहस करने या बुरा बर्ताव करने को सही नहीं ठहरा सकती।
अदालत ने चेतावनी दी कि अगर तीखी बहस को समय रहते नियंत्रित नहीं किया गया, तो मामला बढ़ सकता है और इससे मंदिर का शांत और पवित्र माहौल खराब हो सकता है।
पीठ ने इस बात पर भी जोर दिया कि शालीनता बनाए रखना दोनों पक्षों की जिम्मेदारी है। भक्तों को भी संयम से पेश आना चाहिए और कर्मचारियों के साथ सहयोग करना चाहिए।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी