☰
×

केन्स टेक्नोलॉजी का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 62 प्रतिशत गिरकर 45 करोड़ रुपए रहा

 

मुंबई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। केन्स टेक्नोलॉजी का मुनाफा वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 62 प्रतिशत कम होकर 45.4 करोड़ रुपए हो गया है।

कंपनी के मुनाफे में कमी की वजह अधिक वित्त लागत और कर्मचारियों से जुड़े खर्चों का दबाव है, जबकि इस तिमाही के दौरान आय में मामूली वृद्धि ही देखने को मिली।

स्टॉक एक्सचेंज में दी गई जानकारी के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के लिए 952.5 करोड़ रुपए की कंसोलिडेटेड आय दर्ज की। यह पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले 4 प्रतिशत की वृद्धि है।

सितंबर तिमाही के दौरान कंपनी की वित्तीय लागत तीन गुना से भी अधिक बढ़कर 39 करोड़ रुपए हो गई, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह 13 करोड़ रुपए थी। कर्मचारियों के लाभ से जुड़े खर्च भी एक साल पहले के 77 करोड़ रुपए से बढ़कर 103 करोड़ रुपए हो गए, जिससे कंपनी की कमाई पर और अधिक दबाव पड़ा।

नियामक फाइलिंग के अनुसार, ईबीआईटीडीए सालाना आधार पर 15.7 प्रतिशत घटकर 126.5 करोड़ रुपए रह गया। कंपनी के परिचालन प्रदर्शन पर भी दबाव रहा, जिससे ईबीआईटीडीए मार्जिन पिछले साल की इसी तिमाही के 16.3 प्रतिशत से घटकर 13.28 प्रतिशत पर आ गया।

तिमाही नतीजों के साथ-साथ, केन्स टेक्नोलॉजी ने टोयोकावा टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक जॉइंट वेंचर समझौते पर हस्ताक्षर करने की घोषणा की।

यह प्रस्तावित जॉइंट वेंचर थिन-फिल्म ट्रांजिस्टर (टीएफटी) डिस्प्ले मॉड्यूल, एफओसी/सीओजी बॉन्डिंग, बैकलाइट असेंबली, ऑप्टिकल बॉन्डिंग, सॉफ्टवेयर, रिसर्च एंड डेवलपमेंट (आरएंडडी) और ऑटोमेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिस्टम के निर्माण, असेंबलिंग, टेस्टिंग और सप्लाई पर ध्यान केंद्रित करेगा।

इस जॉइंट वेंचर में केन्स टेक्नोलॉजी की हिस्सेदारी 90 प्रतिशत (नए इक्विटी सब्सक्रिप्शन के जरिए) होगी, जबकि शेष 10 प्रतिशत हिस्सेदारी टोयोकावा टेक्नो के पास रहेगी।

यह जॉइंट वेंचर केन्स टेक्नोलॉजी की एक सब्सिडियरी के रूप में काम करेगा। इसके पांच सदस्यीय बोर्ड में केन्स और टोयोकावा की ओर से दो-दो प्रतिनिधि होंगे, साथ ही आपसी सहमति से नियुक्त एक स्वतंत्र निदेशक भी शामिल होगा।

--आईएएनएस

एबीएस