☰
×

80 साल का हो चुका हूं और अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा : सिद्दारमैया

 

मैसूरु, 19 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्य सिद्दारमैया ने गुरुवार को फिर दोहराया कि वह आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अब वह 80 साल के हो चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में पांचवीं पंक्ति में बैठने को लेकर हुए विवाद को भी खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह कार्यक्रम स्थल पर देर से पहुंचे थे, इसलिए उन्हें पीछे बैठना पड़ा।

मैसूर में मीडिया से बात करते हुए सिद्दारमैया ने कहा कि वह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वह अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे। मैं अब 80 साल का हो गया हूं। इस उम्र में मैं चुनाव कैसे लड़ सकता हूं? इसीलिए मैंने कहा है कि मैं आने वाला चुनाव नहीं लड़ूंगा।

जब उनसे उनके समर्थकों की इस मांग के बारे में पूछा गया कि उन्हें अगला विधानसभा चुनाव लड़ना चाहिए और फिर से मुख्यमंत्री बनना चाहिए, तो सिद्दारमैया ने दोहराया कि उनके इस फैसले के पीछे उनकी उम्र ही मुख्य कारण है।

उनके ये बयान ऐसे समय में आए हैं, जब उनके कुछ समर्थक लगातार मांग कर रहे हैं कि उन्हें चुनावी राजनीति में सक्रिय रहना चाहिए और फिर से मुख्यमंत्री बनना चाहिए।

सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में उनके बैठने की व्यवस्था को लेकर हुए विवाद पर सिद्दारमैया ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा उनके साथ बुरा बर्ताव किए जाने का कोई सवाल ही नहीं उठता।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मैं कार्यक्रम स्थल पर देर से पहुंचा था। मैं ही वहां देर से पहुंचा था। मैं देर से पहुंचा, इसलिए मैं पीछे बैठ गया। इस बारे में मैं पहले ही बयान दे चुका हूं।

पूर्व सीएम के ये बयान कांग्रेस पार्टी के भीतर उनकी स्थिति और उनके तथा मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच कथित मतभेदों को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच आए हैं।

कार्यक्रम में बैठने की व्यवस्था को लेकर राजनीतिक विरोधियों ने आलोचना की और इसे इस बात के संकेत के रूप में पेश किया कि कांग्रेस आलाकमान द्वारा सिद्दारमैया को दरकिनार किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री एचडी. कुमारस्वामी और कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने इस घटना को लेकर सिद्दारमैया पर तंज कसा। उन्होंने कांग्रेस पार्टी और उसके राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा सिद्दारमैया के साथ किए गए कथित बर्ताव पर सहानुभूति भी जताई।

इस बीच, अगला चुनाव न लड़ने के बारे में सिद्दारमैया के बार-बार दिए गए बयानों ने राज्य के राजनीतिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है, खासकर तब जब उनके समर्थक लगातार उनसे चुनावी मैदान में लौटने और फिर से मुख्यमंत्री बनने की मांग कर रहे हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम