कन्नड़ अभिनेता दुनिया विजय को कोर्ट से मिला तलाक, पत्नी को देना होगा 2 करोड़ गुजारा भत्ता
बेंगलुरु, 3 सितंबर (आईएएनएस)। कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर दुनिया विजय और उनकी पत्नी नागरत्ना के बीच चल रहा लंबे समय का वैवाहिक विवाद आखिरकार खत्म हो गया है। कर्नाटक हाईकोर्ट ने गुरुवार को दोनों के तलाक को मंजूरी दे दी। कोर्ट ने शादी खत्म करने के साथ ही दुनिया विजय को अपनी पत्नी नागरत्ना को एकमुश्त 2 करोड़ रुपए गुजारा भत्ता देने का भी आदेश दिया है।
जस्टिस डीके सिंह और जस्टिस एच. शांतिभूषण की डिवीजन बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए शादी खत्म करने का फैसला सुनाया। कोर्ट ने फैसला लेते समय नागरत्ना की परिस्थितियों, दंपति के तीन बच्चों और दुनिया विजय की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखा। इसके अलावा, फिल्म इंडस्ट्री में दुनिया विजय की स्थिति और उनकी कमाई की क्षमता को भी ध्यान में रखा गया।
दुनिया विजय और नागरत्ना के बीच यह विवाद कई सालों से चल रहा था। इससे पहले फैमिली कोर्ट ने दुनिया विजय की तलाक की याचिका खारिज कर दी थी। उस समय कोर्ट का कहना था कि दुनिया विजय ने पत्नी पर क्रूरता के जो आरोप लगाए थे, वे साबित नहीं हो पाए। हालांकि, इसके बाद भी दोनों के रिश्ते में सुधार नहीं आया। दुनिया विजय साथ रहने के लिए तैयार नहीं थे जबकि नागरत्ना शुरुआत में तलाक के खिलाफ थीं।
मामले की सुनवाई के दौरान दुनिया विजय ने अपनी पत्नी पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा था कि नागरत्ना उनके माता-पिता की ठीक से देखभाल नहीं करती थीं। दोनों के बीच लंबे समय से चल रही अनबन और रिश्ते में आई दूरी को देखते हुए हाईकोर्ट ने मामले पर विचार किया। कोर्ट ने पत्नी और तीनों बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए आखिरकार तलाक की मंजूरी दे दी।
इसके साथ ही कोर्ट ने नागरत्ना को 2 करोड़ रुपए की एकमुश्त राशि देने का आदेश दिया। दुनिया विजय को यह रकम दो महीने के भीतर चुकानी होगी। अगर वह तय समय के अंदर रकम का भुगतान नहीं करते हैं तो उन्हें 6 फीसदी सालाना ब्याज भी देना होगा।
दुनिया विजय की बात करें तो उन्होंने साल 2007 में आई फिल्म 'दुनिया' से जबरदस्त पहचान बनाई थी। फिल्म की सफलता के बाद वह कन्नड़ सिनेमा के चर्चित चेहरों में शामिल हो गए। आगे चलकर उन्होंने एक्टिंग के साथ डायरेक्शन और प्रोडक्शन में भी हाथ आजमाया और इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई।
--आईएएनएस
पीके/पीएम