स्कूली शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाएगी कर्नाटक सरकार, जून तक प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य
बेंगलुरु, 26 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक में स्कूल शिक्षा और साक्षरता मंत्री मधु बंगारप्पा ने गुरुवार को अधिकारियों को सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया जनवरी तक पूरी कर ली जानी चाहिए और मार्च-अप्रैल तक नियुक्ति आदेश जारी कर दिए जाएं, ताकि नए नियुक्त शिक्षक जून में शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र से स्कूलों में काम संभाल सकें।
उन्होंने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भर्ती की समय-सीमा का सख्ती से पालन करने और खाली पड़े शिक्षक पदों को भरने में और देरी न होने देने का निर्देश दिया।
ये निर्देश बेंगलुरु में 'समग्र शिक्षा कर्नाटक' कार्यालय में बंगारप्पा की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में दिए गए। इस बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और विधान परिषद के सदस्य मौजूद थे। उन्होंने विशेष रूप से स्कूल शिक्षा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव रश्मि महेश को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि भर्ती प्रक्रिया तय समय-सीमा के भीतर पूरी हो जाए।
बैठक में सहायता प्राप्त (एडेड) प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों तथा प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेजों के शिक्षकों और कर्मचारियों के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
चर्चा के मुख्य मुद्दों में से एक यह मांग थी कि उन सहायता प्राप्त स्कूलों के कर्मचारियों को भी सरकारी कर्मचारियों की तरह 'पुरानी पेंशन योजना' के दायरे में लाया जाए, जिनकी भर्ती के लिए अधिसूचना 1 अप्रैल 2006 से पहले जारी की गई थी, लेकिन जिन्हें नियुक्ति आदेश बाद में मिले।
बैठक में सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के कर्मचारियों के लिए 'नेशनल पे' से जुड़े उच्च न्यायालय के आदेश को लागू करने और 2015 से सहायता प्राप्त स्कूलों व कॉलेजों में खाली पड़े पदों को बिना किसी और देरी के भरने पर भी चर्चा हुई।
अन्य मुद्दों में 1998 से सहायता प्राप्त प्राथमिक स्कूलों में खाली पड़े पदों को भरना, स्कूल मान्यता के नवीनीकरण को सरल बनाने के लिए 'हाउस कमेटी' की रिपोर्ट को लागू करना, और शिक्षकों व लेक्चररों को 15, 20 और 25 साल की सेवा के बाद मिलने वाले 'समयबद्ध प्रमोशन' में हुए अन्याय को दूर करना शामिल था। यह विशेष रूप से उन शिक्षकों के लिए था जिन्हें प्राथमिक स्कूलों से हाई स्कूलों और प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेजों में प्रमोट किया गया था।
बैठक में शामिल लोगों ने यह भी मांग की कि सरकारी कर्मचारियों के लिए उपलब्ध 'आरोग्य संजीवनी' स्वास्थ्य बीमा योजना का विस्तार सहायता प्राप्त संस्थानों के कर्मचारियों तक किया जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि महिला सरकारी कर्मचारियों को मिलने वाली 'मासिक धर्म छुट्टी'की सुविधा सहायता प्राप्त संस्थानों में काम करने वाली महिलाओं को भी दी जाए।
बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि सरकारी, सहायता प्राप्त (एडेड) और गैर-सहायता प्राप्त (अनएडेड) स्कूलों के शिक्षकों पर, अपनी नियमित शिक्षण जिम्मेदारियों के अलावा रिकॉर्ड रखने और ऑनलाइन दस्तावेज अपलोड करने से जो अतिरिक्त काम का बोझ पड़ता है, उसे कैसे कम किया जाए।
सदस्यों ने सरकार से आग्रह किया कि वह सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों तथा प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेजों में शारीरिक शिक्षा (फिजिकल एजुकेशन) शिक्षकों और लेक्चररों की भर्ती करे, 1995 के बाद स्थापित कन्नड़-माध्यम स्कूलों को अनुदान दे, और द्विभाषी नीति को सहायता प्राप्त स्कूलों तक भी लागू करे।
उन्होंने सहायता प्राप्त स्कूलों और कॉलेजों में दाखिला लेने वाले छात्रों पर लगाए जाने वाले जुर्माने को खत्म करने की भी मांग की। उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए, बंगारप्पा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इन मांगों की तुरंत जांच करें और आवश्यक कार्रवाई शुरू करें।
जेडीएस के विधान परिषद सदस्य एपी रंगनाथ ने सरकार से अनुरोध किया कि गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों और कॉलेजों में काम करने वाले शिक्षकों को भी स्वास्थ्य बीमा की सुविधा दी जाए। इस अनुरोध पर मंत्री ने उनसे लिखित में अपनी बात रखने को कहा और आश्वासन दिया कि कोई उचित निर्णय लेने से पहले वे इस मामले पर स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा करेंगे।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी