'राष्ट्र पहले' की विचारधारा के साथ निरंतर आगे बढ़ रही भाजपा : बीवाई विजयेंद्र
दावणगेरे, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष और विधायक बीवाई विजयेंद्र ने सोमवार को पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा आज देश और राज्य की सबसे बड़ी पार्टियों में से एक बन चुकी है और इसके पीछे करोड़ों कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्पण है।
दावणगेरे स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी के स्थापना दिवस समारोह के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी ने 'राष्ट्र पहले' की विचारधारा के साथ पूरे देश में अपनी पहचान बनाई है और पार्टी का लक्ष्य समाज के आखिरी व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इसी सोच के साथ संगठन को और मजबूत करें और मिलकर काम करें।
राष्ट्रीय नेतृत्व की बात करते हुए उन्होंने पीएम मोदी की सराहना की और कहा कि उनके नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश को भोजन देने वाले किसान और सीमा पर रक्षा करने वाले सैनिक दोनों ही बराबर महत्वपूर्ण हैं। इस मौके पर सैनिकों को सम्मानित भी किया गया।
विजयेंद्र ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी याद किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और भाजपा के दिग्गज नेता एलके आडवाणी के योगदान को विशेष रूप से उल्लेख किया। इसके अलावा उन्होंने पूर्व सांसद मल्लिकार्जुनप्पा को भी याद करते हुए कहा कि उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कर्नाटक में भाजपा के विस्तार को लेकर उन्होंने कहा कि बीएस येदियुरप्पा, दिवंगत अनंत कुमार, दिवंगत वीएस आचार्य, थंगा और शंकरमूर्ति जैसे नेताओं ने बहुत मेहनत और त्याग के साथ पार्टी को शहरों से गांव-गांव तक पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने तन, मन और धन से पार्टी को मजबूत बनाने में योगदान दिया है, जिसके कारण आज भाजपा इतनी बड़ी ताकत बन पाई है।
विजयेंद्र ने गर्व जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को 25 से ज्यादा देशों द्वारा सर्वोच्च सम्मान दिया गया है, जो देश के लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम में विधानसभा में विपक्ष के नेता चालवाड़ी नारायणस्वामी, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री और कई अन्य पार्टी नेता भी मौजूद रहे।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम