×

'विजयन को जिताएं, ताकि केरल भी विजयी हो', कमल हासन ने केरल सीएम को दी शुभकामनाएं

 

चेन्नई, 17 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेता और निर्माता कमल हासन ने पिछले कई दशकों में अपनी फिल्मों के जरिए लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है। राजनीति में भी सक्रिय रहने वाले कमल हासन अक्सर अपने विचार खुलकर साझा करते हैं। इस बीच मंगलवार को उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को आगामी चुनावों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

इस पोस्ट के जरिए उन्होंने स्पष्ट किया कि चाहे कुछ लोग उन्हें केरल का आउटसाइडर मानते हों, लेकिन वह इस राज्य से भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं।

कमल हासन ने अपने पोस्ट में लिखा, ''मैं पिनाराई विजयन को आगामी चुनावों के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं। भले ही कुछ लोग मुझे बाहरी व्यक्ति मानते हों, फिर भी केरल मेरे लिए सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव है। मैं राज्य की तरक्की और स्थिरता की कामना करता हूं।''

उन्होंने अपने पोस्ट में सभी केरलवासियों से अपील की कि वे पिछले दशक के कामकाज और उपलब्धियों पर गौर करें। कमल हासन ने कहा, ''इस राज्य के लाभार्थियों से अपील है कि वे पिछले दस सालों के कार्यों पर ध्यान दें और सोच-समझकर फैसला लें।''

कमल हासन ने आगे कहा, ''आइए विजयन को विजयी होने दें, ताकि केरल भी विजयी हो। यह मेरी व्यक्तिगत राय है।''

फिल्मी की बात करें तो कमल हासन के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। इनमें सबसे चर्चा उनकी अगली फिल्म की है, जिसमें वह तमिल सुपरस्टार रजनीकांत के साथ नजर आने वाले हैं। यह फिल्म अभी 'केएचएक्सआरके' के नाम से जानी जा रही है। यह प्रोजेक्ट खास इसलिए है क्योंकि लगभग 47 साल बाद रजनीकांत और कमल हासन एक साथ पर्दे पर दिखाई देंगे।

इसके अलावा, कमल हासन का अपना प्रोडक्शन हाउस, राज कमल फिल्म्लस इंटरनेशनल, रजनीकांत की अगली फिल्म 'थलाइवर 173' को प्रोड्यूस कर रहा है। इस फिल्म को सिबी चक्रवर्ती निर्देशित करेंगे। शूटिंग इस साल अप्रैल में शुरू होने की उम्मीद है।

--आईएएनएस

पीके/एएस