×

सतारा डाकघर ‘फ्रॉड’ मामले में कार्रवाई का भरोसा, सिंधिया ने सुप्रिया सुले को दिया आश्वासन

 

नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सतारा डाकघर में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में एनसीपी (शरद पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

सिंधिया ने सुले के संदेश का जवाब देते हुए कहा कि सतारा हेड पोस्ट ऑफिस के मामले को गंभीरता से लिया गया है और इस पर त्वरित व जिम्मेदार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में तत्काल विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और केस को सीबीआई को सौंप दिया गया है, जहां एफआईआर दर्ज कर जांच जारी है। साथ ही, दावों की प्रक्रिया सावधानीपूर्वक की जा रही है, जिसमें जरूरत पड़ने पर फोरेंसिक जांच भी शामिल है, ताकि केवल वैध दावों का ही निपटारा हो सके।

सिंधिया ने कहा कि डाक सेवाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी कारण इस मामले में बिना किसी समझौते के तेज और व्यवस्थित कार्रवाई की जा रही है।

इससे पहले सुप्रिया सुले ने केंद्रीय मंत्री से संपर्क कर उन खाताधारकों के दावों के जल्द निपटारे की मांग की थी, जिन्हें अब तक उनका पैसा नहीं मिल पाया है।

सुले ने बताया था कि अप्रैल 2024 में सतारा के मुख्य डाकघर में वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हुआ था, जिसके बाद सीबीआई ने जांच शुरू की। इसके तहत 80 से 90 खाताधारकों के दावे तैयार किए गए थे।

उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में हस्ताक्षर मेल नहीं खाने के कारण अगस्त 2024 में उन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था, लेकिन इनमें से 15-20 लोगों को अब तक उनका पैसा नहीं मिला है और वे लगातार कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।

सुले ने सरकार से मांग की कि सभी लंबित दावों का तुरंत भुगतान किया जाए और इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, क्योंकि यह डाक सेवाओं की विश्वसनीयता से जुड़ा मामला है।

--आईएएनएस

डीएससी