☰
×

जेएंडके बैंक भर्ती में 30 वर्ष आयु सीमा का विरोध, जेकेएसए ने एलजी मनोज सिन्हा से हस्तक्षेप की मांग की

 

श्रीनगर, 9 नवंबर (आईएएनएस)। जम्‍मू-कश्‍मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (जेकेएसए) ने सोमवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को पत्र लिखकर जेएंडके बैंक में भर्ती के लिए अधिकतम उम्र सीमा में छूट देने की मांग की है।

जेकेएसए के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. जुबैर ऋषि ने कहा, "जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (जेकेएसए) ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को पत्र लिखकर, जम्मू-कश्मीर बैंक की प्रोबेशनरी ऑफिसर (पीओ) और बैंकिंग एसोसिएट्स की हालिया भर्ती अधिसूचना में तय की गई अधिकतम उम्र सीमा पर गहरी चिंता जताई है।"

एसोसिएशन ने उपराज्यपाल से आग्रह किया है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और जम्मू-कश्मीर के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के व्यापक हित में जेएंडके बैंक प्रबंधन तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से बात करें।

जेकेएसए का तर्क है कि लगभग छह साल के लंबे अंतराल के बाद नई भर्ती की घोषणा एक स्वागत योग्य कदम है, लेकिन अधिकतम उम्र सीमा को 30 साल तक सीमित करने से हजारों योग्य और पात्र उम्मीदवार निराश हुए हैं। वे इस अवसर से बाहर हो गए हैं, जिसका वे वर्षों से इंतजार कर रहे थे।

प्रवक्ता ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में रिक्तियों की घोषणा में हुई अत्यधिक देरी और जम्मू-कश्मीर के शिक्षित युवाओं के सामने मौजूद जमीनी वास्तविकताओं को ध्यान में रखा जाना चाहिए। हजारों उम्मीदवारों ने बैंकिंग परीक्षाओं की तैयारी में अपना काफी समय, संसाधन और मेहनत लगाई है, लेकिन अब वे उम्र सीमा की पाबंदी के कारण अयोग्य हो गए हैं। यह पाबंदी भर्ती में आए लंबे अंतराल को बिल्कुल भी ध्यान में नहीं रखती है।

एसोसिएशन ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि जेएंडके बैंक की पिछली भर्ती में पीओ पदों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 32 साल थी, जबकि हालिया अधिसूचना में इसे घटाकर 30 साल कर दिया गया है।

उम्र सीमा में इस कटौती और पिछली भर्ती प्रक्रिया के बाद आए लगभग छह साल के अंतराल ने उन उम्मीदवारों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, जिन्होंने रोजगार के नए अवसरों के इंतजार में अपने कीमती साल गंवा दिए हैं।

जेकेएसए का कहना है कि भर्ती में देरी और प्रशासनिक निष्क्रियता का खामियाजा युवाओं को नहीं भुगतना चाहिए। एसोसिएशन ने बताया कि जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) अपनी भर्ती प्रक्रियाओं में ओपन मेरिट (सामान्य श्रेणी) के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 40 साल तक रखता है। इसने जेएंडके बैंक से आग्रह किया है कि वह अधिक समावेशी और निष्पक्ष दृष्टिकोण अपनाए और ऊपरी आयु सीमा को बढ़ाकर 40 वर्ष कर दे, जो कि केंद्र शासित प्रदेश में सरकारी भर्तियों के लिए लागू आयु मानदंडों के अनुरूप है। कम से कम, बैंक को पीओ उम्मीदवारों के लिए पिछली ऊपरी आयु सीमा (32 वर्ष) को बहाल करना चाहिए और लंबे समय तक भर्ती प्रक्रिया रुकी रहने को देखते हुए विशेष आयु छूट देने पर विचार करना चाहिए।

जेकेएसए ने मौजूदा आरक्षण ढांचे के तहत रिक्तियों के बंटवारे पर भी चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि विज्ञापित 1,356 पदों में से केवल 542 पद ही 'ओपन मेरिट' (सामान्य श्रेणी) के अंतर्गत आते हैं, जबकि बाकी रिक्तियां आरक्षित श्रेणियों के लिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से इन चिंताओं पर गौर करने और सभी योग्य उम्मीदवारों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। ऐसा करते समय जम्मू-कश्मीर में बेरोजगारी की स्थिति और उन शिक्षित युवाओं की उम्मीदों को ध्यान में रखा जाना चाहिए, जिन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में कई साल बिता दिए हैं।

एसोसिएशन ने सिन्हा से व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने और जेएंडके बैंक प्रबंधन के साथ इस मामले को उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने अधिकारियों पर जोर दिया है कि वे तय किए गए आयु मानदंडों पर पुनर्विचार करें और हजारों योग्य उम्मीदवारों को उचित आयु छूट दें।

इसके साथ ही, उन्होंने बैंक से युवाओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने को कहा है। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि भर्ती प्रक्रिया से उन उम्मीदवारों को नुकसान न पहुंचे, जो नए अवसरों के इंतजार में पहले ही अपने कई साल गंवा चुके हैं। एसोसिएशन ने फिर दोहराया कि लगभग छह साल बाद हो रही यह भर्ती शिक्षित युवाओं के लिए उम्मीद और राहत लेकर आनी चाहिए, न कि उनके सामने और अधिक बाधाएं खड़ी करे।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी