जम्मू-कश्मीर में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 49 आईएएस और जेकेएएस अधिकारियों के तबादले
श्रीनगर, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर सरकार ने बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 49 आईएएस और जेकेएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां कीं। इनमें कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, जो महत्वपूर्ण विभागों और जिलों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के आदेश पर किए गए इस फेरबदल में राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यटन, सूचना प्रौद्योगिकी, ग्रामीण विकास और नगर प्रशासन जैसे अहम विभागों में बड़े बदलाव किए गए हैं। ये तबादले और नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शालीन काबरा (वर्तमान में जल शक्ति विभाग में वित्त आयुक्त, अतिरिक्त मुख्य सचिव) को राजस्व विभाग के प्रशासनिक सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही कुमार राजीव रंजन को इस जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। काबरा अपने मौजूदा पदों पर भी बने रहेंगे।
डॉ. आशीष चंद्र वर्मा का पर्यटन विभाग से तबादला कर उन्हें कृषि उत्पादन विभाग का वित्त आयुक्त (अतिरिक्त मुख्य सचिव) नियुक्त किया गया है।
एक अन्य बड़े बदलाव में, जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्ष विकास कुंडल को जम्मू संभाग का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। उन्हें जम्मू मेट्रोपॉलिटन क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
सौगत बिस्वास को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का आयुक्त/सचिव नियुक्त किया गया है। यह अतिरिक्त प्रभार पहले एम. राजू के पास था। अब एम. राजू, जो सामान्य प्रशासन विभाग के आयुक्त/सचिव हैं, उन्हें आतिथ्य एवं प्रोटोकॉल विभाग तथा आपदा प्रबंधन, राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
रमेश कुमार, जो जम्मू के मंडलायुक्त थे, उन्हें ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग का सचिव बनाया गया है। उन्हें संस्कृति विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है और वे नई दिल्ली में जम्मू-कश्मीर सरकार के रेजिडेंट कमिश्नर के रूप में भी कार्य करते रहेंगे।
अवनी लवासा को पर्यटन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। उनके पास जनजातीय मामलों का प्रभार भी बना रहेगा। वहीं, अंजलि सेहरावत को लोक शिकायत विभाग का सचिव बनाया गया है।
राहुल यादव को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का प्रशासनिक सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वे जम्मू-कश्मीर पावर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे। ओवैस अहमद को योजना, विकास एवं निगरानी विभाग का प्रशासनिक सचिव बनाया गया है। उनके पास कौशल विकास निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
जिला स्तर पर डॉ. देवांश यादव को राजौरी का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, रूपेश कुमार, जतिन किशोर, श्रेया सिंघल और अनंत द्विवेदी को क्रमशः सांबा, बडगाम, गांदरबल और उधमपुर का उपायुक्त नियुक्त किया गया है।
श्रीकांत बालासाहेब सुसे को जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है। बशारत कय्यूम को श्रीनगर नगर निगम का प्रमुख नियुक्त किया गया है, जबकि आयुषी सूदन को जम्मू नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है।
जेकेएएस अधिकारियों में कुलदीप कृष्ण सिद्धा को पुलवामा का उपायुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि चरणदीप सिंह को शोपियां का उपायुक्त बनाया गया है। इसके अलावा राकेश कुमार, सचिन जमवाल, सुशील केसर और इरफान बहादुर को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम