जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को पहले ही दिन निवेशकों का मिला शानदार रिस्पॉन्स, 2.5 गुना हुआ सब्सक्राइब
नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। रिलायंस इंडस्ट्रीज समर्थित जियो प्लेटफॉर्म्स का 30,213 करोड़ रुपए का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) बुधवार को बोली के पहले ही दिन पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। निवेशकों की मजबूत मांग के चलते यह इश्यू दिन के दौरान 2.5 गुना तक सब्सक्राइब हो गया।
आंकड़ों के अनुसार, दोपहर करीब 3:15 बजे तक योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए आरक्षित हिस्सा 7.46 गुना भर चुका था, जो बड़े निवेशकों की मजबूत रुचि को दर्शाता है।
गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) का कोटा 1.32 गुना सब्सक्राइब हुआ, जबकि खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित श्रेणी में 60 प्रतिशत तक आवेदन प्राप्त हुए थे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरधारकों के लिए आरक्षित हिस्से को भी अच्छा प्रतिसाद मिला। इस श्रेणी में 2,23,41,376 शेयरों के मुकाबले 2,59,57,068 शेयरों के लिए आवेदन प्राप्त हुए, जिससे यह हिस्सा 1.16 गुना सब्सक्राइब हो गया। वहीं कर्मचारियों के लिए आरक्षित कोटा भी पूरी तरह भर गया।
कुल मिलाकर भारत के सबसे बड़े आईपीओ में से एक इस इश्यू को 19.75 करोड़ शेयरों के मुकाबले 49.56 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।
इससे पहले सप्ताह की शुरुआत में कंपनी ने एंकर निवेशकों के जरिए 8,109.84 करोड़ रुपए जुटाए थे।
एंकर निवेशकों के दौर में कई प्रमुख वैश्विक संप्रभु निधियों और पेंशन फंडों ने हिस्सा लिया था। इनमें सिंगापुर का जीआईसी, नॉर्जेस बैंक इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी, कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी, पीएसपी इन्वेस्टमेंट्स, कैलिफोर्निया स्टेट टीचर्स रिटायरमेंट सिस्टम और फ्लोरिडा रिटायरमेंट सिस्टम शामिल थे।
घरेलू संस्थागत निवेशकों में एसबीआई म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड, निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड और कोटक महिंद्रा म्यूचुअल फंड ने भी निवेश किया।
इसके अलावा एलआईसी, एचडीएफसी लाइफ, एसबीआई लाइफ, एसबीआई पेंशन, एचडीएफसी पेंशन, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल और यूटीआई पेंशन जैसे बीमा और पेंशन फंडों ने भी भागीदारी की।
यह आईपीओ 23 अक्टूबर तक निवेशकों के लिए खुला रहेगा।
कंपनी ने इश्यू का प्राइस बैंड 1,065 रुपए से 1,119 रुपए प्रति शेयर तय किया है। इस सार्वजनिक निर्गम के तहत अधिकतम 27 करोड़ नए शेयर जारी किए जा रहे हैं।
शेयरों का आवंटन 26 अक्टूबर तक अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है, जबकि कंपनी के शेयर 28 अक्टूबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध हो सकते हैं।
--आईएएनएस
डीबीपी