×

एक्ट्रेस माही विज ने 'सहर होने को है' शो से कहा अलविदा, बोलीं-कौसर की बहुत याद आएगी

 

मुंबई, 31 मई (आईएएनएस)। टीवी एक्ट्रेस माही विज ने टीवी शो 'सहर होने को है' को अलविदा कह दिया है। इस मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसने फैंस का दिल छू लिया। खास बात यह है कि इस पोस्ट पर उनके एक्स पति जय भानुशाली ने भी कमेंट किया।

माही विज ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह अपने मेकअप रूम के दरवाजे के पास नजर आ रही हैं। इस दौरान उनके चेहरे पर भावुकता साफ दिखाई दे रही है।

तस्वीर के साथ, उन्होंने कैप्शन में लिखा, ''आज मैं इस किरदार, इस कमरे और इस पूरे सफर को अलविदा कह रही हूं और अपने साथ अनगिनत खूबसूरत यादें लेकर जा रही हूं। इस किरदार को पर्दे पर जीवंत बनाने का हर पल मेरे लिए बेहद खास रहा। हर सीन, हर इमोशन और हर दिन मेरे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया था। यह अनुभव मैं हमेशा अपने दिल में संजोकर रखूंगी और इसे कभी नहीं भूलूंगी।''

अपने पोस्ट में माही ने उन सभी लोगों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने इस सफर में उनका साथ दिया। उन्होंने निर्देशक, निर्माता, क्रिएटिव टीम, साथी कलाकारों, तकनीकी कर्मचारियों और चैनल से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार जताया। माही ने लिखा, ''इन सभी लोगों के सहयोग, मार्गदर्शन और विश्वास ने मेरे सफर को यादगार बना दिया। अगर पूरी टीम का साथ और भरोसा न मिलता, तो मैं इस किरदार को इतनी खूबसूरती से नहीं निभा पातीं।''

माही ने अपने लोकप्रिय किरदार 'कौसर' का भी खास जिक्र किया। उन्होंने कहा, ''अब जब मैं जिंदगी में आगे बढ़ रही हूं, तब भी इस किरदार की यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी। मुझे कौसर की बहुत याद आएगी, क्योंकि इस किरदार ने मुझे दर्शकों के दिलों तक पहुंचाने में मदद की है। मैं दर्शकों का धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने मेरे इस किरदार को प्यार और अपनापन दिया। यह मेरे लिए किसी पुरस्कार से कम नहीं है।''

पोस्ट के आखिर में माही ने लिखा, ''यह मेरी जिंदगी का एक बेहद खूबसूरत अध्याय था और मैं इस सफर को हमेशा याद रखूंगी।''

माही की इस पोस्ट पर सबसे ज्यादा ध्यान जय भानुशाली के कमेंट ने खींचा। जय ने कमेंट में ताली बजाने वाला इमोजी भेजा और माही का हौसला बढ़ाया। इसके जवाब में माही ने भी हार्ट इमोजी भेजकर उनका आभार व्यक्त किया।

इसी साल जनवरी में माही विज और जय भानुशाली ने अपनी 14 साल पुरानी शादी खत्म करने की घोषणा की थी। दोनों ने बयान जारी करते हुए बताया था कि हमने किसी विवाद की जगह शांति और सम्मान का रास्ता चुना है। भले ही हमारी जिंदगी की राहें अब अलग हो गई हों, लेकिन हम हमेशा एक-दूसरे का सम्मान करेंगे और जरूरत पड़ने पर साथ खड़े रहेंगे।

--आईएएनएस

पीके/वीसी