×

यह दुनिया युवाओं की है, हमें उनसे सीखना चाहिए... जावेद अख्तर ने बताया हर पीढ़ी संग कैसे रहें प्रासंगिक

 

मुंबई, 2 मई (आईएएनएस)। गीतकार, पटकथा लेखक और शायर जावेद अख्तर ने बताया कि बदलती पीढ़ियों के साथ कैसे प्रासंगिक बने रहें। उन्होंने कहा कि इसके लिए सबसे जरूरी है कि हमेशा नई चीजें सीखने के लिए तैयार रहें।

बोमन ईरानी के शुरू किए गए राइटिंग प्लेटफॉर्म ‘स्पाइरल बाउंड’ के एक कार्यक्रम में जावेद अख्तर ने यह बात कही। कार्यक्रम के दौरान अभिनेता आमिर खान ने उनसे सवाल पूछा कि आपने अलग-अलग पीढ़ियों के साथ काम किया है, फिर भी हर दौर में प्रासंगिक कैसे बने रहते हैं?

जावेद अख्तर ने अपने लंबे अनुभव को साझा करते हुए बताया, “जब मैंने इंडस्ट्री में कदम रखा था तब मेरे आस पास सब सीनियर थे। फिर हमारी उम्र के लोग आए। अब मैं अपने पोते-पोतियों की उम्र के युवाओं के साथ काम कर रहा हूं।”

उन्होंने बताया, “यह दुनिया युवा पीढ़ी की है। बाकी लोग सिर्फ इसमें रह रहे हैं। अगर आप यह मान लेंगे कि आपको ही सब कुछ पता है, तो आप पिछड़ जाएंगे। हमें यह समझना चाहिए कि यह उनकी दुनिया है। हमें उनका सम्मान करना चाहिए और उनसे सीखना चाहिए।”

जावेद अख्तर का मानना है कि हर पीढ़ी के पास कुछ न कुछ नया और खास होता है। उन्होंने बताया, “हमें कुछ बातें पता हैं, जो उन्हें नहीं पता। वहीं, उनके पास भी बहुत कुछ है, जो हमें नहीं पता। अगर हम एक-दूसरे से सीखने के लिए तैयार रहेंगे, तो हम हर दौर में प्रासंगिक बने रहेंगे।”

वहीं, सोशल मीडिया पर इस क्लिप को पोस्ट करते हुए बोमन ईरानी ने लिखा, “जब आप ऐसे लोगों से घिरे होते हैं जिन्होंने दशकों के बदलाव देखे हों, तो आप और ध्यान से सुनते हैं। जावेद अख्तर साहब के साथ मंच पर हमने प्रासंगिक बने रहने पर चर्चा की। इसका जवाब बेहद सरल था-सीखने के लिए हमेशा तैयार रहें, सीखते रहें और बदलाव से घबराएं नहीं।”

--आईएएनएस

एमटी/पीएम