विराट कर्ण की अपकमिंग फिल्म 'नागबंधम' की डबिंग शुरू, जगपति बाबू दे रहे आवाज
नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा में पौराणिक और रहस्यमयी कहानियों पर आधारित फिल्मों का हमेशा से खास आकर्षण रहा है। दर्शक ऐसी फिल्मों को पसंद करते हैं, जिनमें इतिहास, परंपरा और रोमांच का अनोखा मिश्रण देखने को मिले। इसी कड़ी में अब एक और बड़ी फिल्म 'नागबंधम' चर्चा में है, जो अपने विषय को लेकर पहले ही सुर्खियां बटोर रही है। यह फिल्म एक पौराणिक कहानी को नए अंदाज में पेश करने जा रही है। इस बीच फिल्म से जुड़ी एक बड़ी अपडेट सामने आई है, जिसने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
दरअसल, इस फिल्म की डबिंग का काम शुरू हो चुका है। इस फिल्म में मुख्य भूमिका में विराट कर्ण नजर आने वाले हैं। खास बात यह है कि अनुभवी अभिनेता जगपति बाबू इस समय फिल्म के लिए अपनी आवाज दे रहे हैं। इस फिल्म का निर्देशन अभिषेक नामा ने किया है।
प्रोडक्शन हाउस निक स्टूडियो ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस खबर को साझा करते हुए लिखा, ''अनसुना राज जिंदगी के और करीब आ गया है। 'नागबंधम' डबिंग सेशन शुरू हो गया है। हमेशा की तरह वर्सेटाइल जगपति बाबू स्टूडियो में शामिल हो रहे हैं। 3 जुलाई को दुनिया भर में यह फिल्म रिलीज हो जाएगी।''
इस पोस्ट में उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें जगपति बाबू स्टूडियो में डबिंग करते नजर आ रहे हैं।
फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इस फिल्म की स्टार कास्ट भी काफी मजबूत है। इसमें नाभा नटेश और ऐश्वर्या मेनन मुख्य भूमिकाओं में हैं। वहीं जगपति बाबू, जयप्रकाश, मुरली शर्मा और बी.एस. अविनाश जैसे कलाकार सहायक भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
अगर फिल्म की कहानी की बात करें, तो 'नागबंधम' भारत के प्राचीन विष्णु मंदिरों के रहस्यों पर आधारित है। इसमें 'नागबंधम' नाम की एक पवित्र परंपरा को दिखाया गया है, जो मंदिरों में छिपे खजानों और रहस्यों की रक्षा से जुड़ी मानी जाती है।
फिल्म की कहानी पद्मनाभस्वामी मंदिर और पुरी जगन्नाथ मंदिर जैसे ऐतिहासिक स्थानों से प्रेरित है। इन मंदिरों से जुड़े रहस्य और खजाने की कहानियां लंबे समय से लोगों के बीच चर्चा का विषय रही हैं और अब इन्हें एक नए अंदाज में बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा।
फिल्म के तकनीकी पहलुओं पर भी खास ध्यान दिया गया है। इसकी सिनेमैटोग्राफी साउंडर राजन एस ने संभाली है, जबकि म्यूजिक अभे और जुनैद कुमार ने तैयार किया है। डायलॉग्स कल्याण चक्रवर्ती ने लिखे हैं और एडिटिंग का काम संतोष कामिरेड्डी ने किया है।
'नागबंधम' को तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में 3 जुलाई को रिलीज किया जाएगा।
--आईएएनएस
पीके/पीएम