×

आंध्र प्रदेश : जगन मोहन रेड्डी ने स्थानीय निकाय चुनाव की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया

 

अमरावती, 1 सितंबर (आईएएनएस)। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने मंगलवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को एक बड़ी राजनीतिक चुनौती के तौर पर लें और हर सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी करें, ताकि विरोधियों को बिना मुकाबले के जीत हासिल करने का कोई मौका न मिले।

वाईएसआर कडपा जिले के पुलिवेंदुला दौरे के दौरान, जगन मोहन रेड्डी ने भाकरापुरम कैंप ऑफिस में 'प्रजा दरबार' लगाया। यहां बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग उनसे मिले और अपनी शिकायतें बताईं।

पार्टी की एक विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने धैर्यपूर्वक लोगों की बातें सुनीं और पार्टी नेताओं के साथ स्थानीय राजनीतिक हालात, संगठन से जुड़े मुद्दों और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की।

जगन मोहन रेड्डी ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे गांव के स्तर पर पार्टी को मजबूत करें, लोगों से लगातार जुड़े रहें और उनकी समस्याओं को हल करने में उनका साथ दें। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की पहचान पहले ही कर ली जानी चाहिए और तैयारी शुरू कर देनी चाहिए ताकि वाईएसआरसीपी स्थानीय निकाय की हर सीट पर चुनाव लड़ सके।

उन्होंने चेतावनी दी कि विपक्षी उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने के लिए सरकारी सत्ता या पुलिस के दुरुपयोग की किसी भी कोशिश का मज़बूती और एकजुटता से सामना किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि पार्टी हर तरह से उनके साथ खड़ी रहेगी।

जगन मोहन रेड्डी ने नेताओं से कहा कि वे वाईएसआरसीपी सरकार के तहत हुए कल्याणकारी कार्यों और विकास की जानकारी हर घर तक पहुंचाएं। इनमें विलेज सेक्रेटेरिएट, वॉलंटियर सिस्टम, नाडु-नेडु, आरोग्यश्री का विस्तार, शिक्षा में सुधार और किसानों, महिलाओं, छात्रों व गरीबों को दी गई मदद शामिल है।

उन्होंने पार्टी को यह भी निर्देश दिया कि वे गठबंधन सरकार द्वारा चुनावी वादों को पूरा न करने की विफलता को उजागर करें और लोगों को हो रही परेशानियों को सामने लाएं।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा, "लोगों के बीच रहें, उनके मुद्दों के लिए लड़ें और उन्हें वाईएसआरसीपी के शासनकाल में किए गए अच्छे कामों की याद दिलाएं। अगर हम ऐसा करते हैं, तो स्थानीय निकाय चुनावों में जीत हासिल करना मुश्किल नहीं होगा।"

--आईएएनएस

एससीएच