मौजूदा सरकार के खिलाफ लोगों की नाराजगी का उठाएं फायदा, जगन की पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील
अमरावती, 25 अगस्त (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में मौजूदा सरकार के खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी होने का दावा करते हुए, पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआरसीपी अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों में हर इंच जमीन के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
ताडेपल्ली में पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए, उन्होंने दावा किया कि गठबंधन सरकार के खिलाफ सत्ता-विरोधी लहर (एंटी-इनकंबेंसी) बहुत मजबूत है।
वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि अगर गठबंधन के खिलाफ सभी वर्गों के लोगों का गुस्सा वोटों में बदल जाता है, तो वाईएसआरसीपी की जबरदस्त जीत होगी। चंद्रबाबू की सभी बुरी हरकतों का डटकर मुकाबला किया जाना चाहिए।
पार्टी की एक विज्ञप्ति में वाईएस जगन के हवाले से कहा गया, "हालांकि, यह साफ है कि पिछले दो सालों में गठबंधन हर मोर्चे पर नाकाम रहा है, लेकिन अगर चुनाव निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से होते हैं तो हम आसानी से जीतेंगे। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हर सीट पर मुकाबला हो, ताकि टीडीपी को किसी भी तरह की हेरफेर का मौका न मिले।"
उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि इन चुनावों में उनका धैर्य भविष्य की बड़ी जीत का रास्ता तैयार करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी निर्विरोध चुनाव को गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने कहा, "लोगों के फैसले के लिए हमारा उम्मीदवार मुकाबले में होना चाहिए, और उनमें से कई लोग मानते हैं कि पिछले चुनावों में उनसे गलती हुई थी। हमें मजबूत उम्मीदवार उतारने होंगे, जो चुनाव जीत सकें और स्थानीय निकायों के चुनावों की घोषणा का पूरा फायदा उठा सकें। हम निर्विरोध चुनाव बर्दाश्त नहीं करेंगे और विधायक पद के दावेदारों को हमारे उम्मीदवार की जीत और मुकाबले को सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए।"
वाईएसआरसीपी प्रमुख ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि हर घर का दौरा किया जाना चाहिए और 'पीठ में छुरा घोंपने वाली पार्टी' और वाईएसआरसीपी के बीच के अंतर को साफ तौर पर समझाया जाना चाहिए। प्रचार और चुनाव से जुड़ी अन्य सामग्रियों के साथ-साथ गांव स्तर तक के कार्यकर्ताओं को क्यूआर कोड वाले आईडी कार्ड बांटे जाएंगे। मंडल और डिवीजन स्तर के अलावा जिला और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर भी बैठकें की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि गठबंधन के अत्याचारों, उत्पीड़न और दबाव डालने वाले अन्य तरीकों से निपटने के लिए लीगल सेल को सक्रिय रहना चाहिए, जबकि मीडिया और सोशल मीडिया को सरकार की जन-विरोधी नीतियों को उजागर करने में सक्रिय रहना चाहिए। साथ ही, 'जगन 2.0 ऐप' का इस्तेमाल कैसे करें और इसे कैसे सक्रिय रखें, इस बारे में भी ट्रेनिंग दी जानी चाहिए।
जगन ने कहा कि जो नेता सोशल मीडिया पर एक्टिव नहीं हैं, उन्हें इसके लिए तैयार किया जाना चाहिए और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अहंकार के लिए कोई जगह नहीं है और अच्छे नतीजे पाने के लिए सभी को टीम की तरह काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ महीनों में नेताओं को अपने-अपने चुनाव क्षेत्रों में रहकर पार्टी के लिए काम करना चाहिए, क्योंकि यह एक अहम समय है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि गठबंधन पुलिस बल के गलत इस्तेमाल के लिए जाना जाता है। अगर पुलिस बल अपनी हद से बाहर जाकर गलत तरीके से काम करता है, तो उनके नाम डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज किए जाएंगे और उन्हें भविष्य में इसके नतीजे भुगतने होंगे।
इस बैठक में पार्टी कोऑर्डिनेटर, 175 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी और अन्य नेता शामिल हुए।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम