इजरायल में रिजर्व सैनिक पर जासूसी के आरोप, ईरानी खुफिया अधिकारियों के संपर्क में था
यरुशलम, 20 मार्च (आईएएनएस)। इजरायल पुलिस ने बताया कि इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किए गए एक इजरायली रिजर्व सैनिक राज कोहेन पर शुक्रवार को आरोप लगाए गए। कोहेन पर आरोप है कि वह कई महीनों तक ईरानी खुफिया अधिकारियों के संपर्क में रहा। उन अधिकारियों ने उससे विभिन्न सुरक्षा मिशन करने के लिए कहा, जिनमें उसकी सेवा के दौरान प्राप्त संवेदनशील सुरक्षा जानकारी को साझा करना भी शामिल था।
यरुशलम के 26 वर्षीय निवासी राज कोहेन 'आयरन डोम' वायु रक्षा मिसाइल इंटरसेप्शन सिस्टम यूनिट में सेवा देते थे। उसे एक मार्च को गिरफ्तार किया गया था। यह अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ संयुक्त अभियान शुरू होने के ठीक एक दिन बाद की बात है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, जांच में यह सामने आया कि उसे पता था कि यह संपर्क ईरानी अधिकारियों की ओर से संचालित किया जा रहा है और इसके बदले में राज कोहेन ने उनसे पैसे भी प्राप्त किए।
मिजान समाचार एजेंसी के अनुसार, इस साल की शुरुआत में ईरान ने एक व्यक्ति को फांसी दी थी, जिसे इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए जासूसी करने का दोषी ठहराया गया था।
सात जनवरी की रिपोर्ट में उस व्यक्ति की पहचान अली अर्देस्तानी के रूप में की गई थी और उसे ईरान के अंदर एक “मुख्य” मोसाद ऑपरेटिव बताया गया, जिसने इजरायल को संवेदनशील जानकारी भेजी थी।
उसे सोशल मीडिया के माध्यम से मोसाद ने भर्ती किया था और उसने कई मिशन पूरे किए, जिनमें विशेष स्थानों की तस्वीरें लेना और कुछ व्यक्तियों के बारे में जानकारी देना शामिल था। इसके बदले में उसे डिजिटल मुद्रा में भुगतान किया गया था।
एजेंसी के अनुसार, अर्देस्तानी ने स्वीकार किया था कि उसने जानबूझकर मोसाद अधिकारियों के साथ सहयोग किया और उन्हें महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
एजेंसी ने आगे बताया कि उसकी मौत की सजा पूरी न्यायिक प्रक्रिया और ईरान के सुप्रीम कोर्ट की पुष्टि के बाद लागू की गई।
जून 2025 में 12 दिनों के संघर्ष के बाद, ईरान की सुरक्षा, खुफिया और न्यायिक एजेंसियों ने इजरायल के लिए जासूसी करने के आरोप में कई लोगों को गिरफ्तार किया था।
--आईएएनएस
एवाई/वीसी