☰
×

बांग्लादेश में भारतीय राजदूत ने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय सेना प्रमुख से की मुलाकात

 

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ से मुलाकात की है। इसे भारत-बांग्लादेश संबंधों को बेहतर बनाने की दिशा में नए कोशिशों के तौर पर देखा गया है।

सूत्रों के अनुसार, उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने सोमवार को अचानक नई दिल्ली का दौरा किया और मंगलवार को दोपहर करीब 1 बजे प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। बाद में भारतीय राजदूत ने भारतीय सेना प्रमुख जनरल सेठ से भी मुलाकात की।

भारतीय सेना ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ से बातचीत की। इस बातचीत में भारत-बांग्लादेश के बीच आपसी सहयोग और रक्षा संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर ध्यान केंद्रित किया गया।"

यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब दोनों देश द्विपक्षीय संबंधों को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं। 2024 में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद दोनों देशों के संबंध बिगड़े हैं।

इस महीने की शुरुआत में भारत में बांग्लादेश के निवर्तमान उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह ने कहा कि उन्होंने नई दिल्ली में अपने कार्यकाल के दौरान आपसी विश्वास, गरिमा और साझा लाभ पर आधारित द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर और आगे बढ़ाने का प्रयास किया।

उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "भारत में बांग्लादेश के राजदूत के तौर पर 18 महीने के कार्यकाल के दौरान मैंने आपसी विश्वास, सम्मान और साझा लाभों पर आधारित बांग्लादेश-भारत संबंधों को स्थिर करने और आगे बढ़ाने की कोशिश की, ताकि 'साझा हितों' के लिए ये संबंध लंबे समय तक बने रहें। कूटनीति के पारंपरिक रास्तों पर चलने के बजाय, मैंने लोगों से जुड़ने की कोशिश की।"

भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी भारत-बांग्लादेश संबंधों में राजदूत के योगदान की सराहना की और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इससे पहले, 30 सितंबर को ढाका में बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त और बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम मामलों के मंत्री अहमद आजम खान के बीच हुई बैठक में दोनों देश ने अपने मजबूत द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग को दोहराया। साथ ही, उन्होंने आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा की।

ढाका में भारतीय उच्चायोग ने पिछले सप्ताह 'एक्स' पर पोस्ट किया कि दोनों पक्षों ने आपसी हित के मुद्दों पर विचार-विमर्श किया और भारत तथा बांग्लादेश के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों और सहयोग को फिर से दोहराया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, त्रिवेदी ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच होने वाली बैठक से पहले दोनों पक्षों की ओर से तैयारियों की जरूरत पर बात की और कहा कि जल्दबाजी करने की कोई जरूरत नहीं है।

--आईएएनएस

डीसीएच/