☰
×

भारतीय-अमेरिकी रामास्वामी के अभियान पर 41.3 मिलियन डॉलर का बकाया

 

वाशिंगटन, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। 'स्टेट अफेयर्स' द्वारा उद्धृत आम चुनाव से पहले की कैंपेन फाइनेंस रिपोर्ट के अनुसार, ओहायो के गवर्नर पद के लिए भारतीय-अमेरिकी रिपब्लिकन विवेक रामास्वामी के चुनाव अभियान पर अक्टूबर के मध्य तक 41.3 मिलियन डॉलर का कर्ज था। वहीं, उनकी डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी एमी एक्टन ने हाल की रिपोर्टिंग अवधि में उनसे दोगुने से भी अधिक फंड जुटाया है।

'स्टेट अफेयर्स' की शुक्रवार की रिपोर्ट के अनुसार, 14 अक्टूबर तक के आंकड़ों से पता चलता है कि एक्टन ने 3.9 मिलियन डॉलर जुटाए और उनके बैंक खाते में 3.6 मिलियन डॉलर थे। वहीं, रामास्वामी ने 1.5 मिलियन डॉलर जुटाए और उनके पास 2.4 मिलियन डॉलर मौजूद थे।

बायोटेक उद्यमी और रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के पूर्व उम्मीदवार रामास्वामी (पहली बार किसी सार्वजनिक पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं) ने 51.2 मिलियन डॉलर खर्च किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें से आधे से अधिक यानी 28.5 मिलियन डॉलर मीडिया विज्ञापनों पर खर्च हुए जबकि 7.3 मिलियन डॉलर डिजिटल कंसल्टिंग पर खर्च किए गए।

उनके द्वारा दाखिल दस्तावेजों में उम्मीदवार की ओर से 5 मिलियन डॉलर की अन्य आय और समिति पर रामास्वामी के 41.3 मिलियन डॉलर के बकाया लोन का भी जिक्र है।

रिपोर्ट के अनुसार, अपनी पार्टी के प्राइमरी चुनाव में निर्विरोध नामांकन जीतने के बाद से एक्टन ने 26.3 मिलियन डॉलर खर्च किए हैं। इसमें मीडिया विज्ञापनों पर 18.5 मिलियन डॉलर और डिजिटल विज्ञापनों पर 2.2 मिलियन डॉलर का खर्च शामिल है।

'स्टेट अफेयर्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, रामास्वामी को सबसे बड़ा चंदा (16,615 डॉलर) 'एलेवेंस हेल्थ पीएसी' से मिला, जबकि 'अमेरिकन इलेक्ट्रिक पावर' ने 15,000 डॉलर दिए। व्यक्तिगत दानदाताओं में 'नैटसन होटल्स' के मुख्य कार्यकारी सुभाष पटेल, ब्लैकलिक के एंथनी व्हाइट, और न्यूयॉर्क के निवेशक कैमरन और टायलर विंकलेवॉस शामिल हैं। जिन्होंने 16,615 डॉलर की कानूनी अधिकतम सीमा तक चंदा दिया।

फंड जुटाने के मामले में एक्टन को बढ़त हासिल होने के बावजूद विज्ञापनों (मीडिया प्रचार) के मामले में रिपब्लिकन पार्टी काफी आगे है। विज्ञापन-ट्रैकिंग फर्म 'एडइम्पैक्ट' का हवाला देते हुए 'स्टेट अफेयर्स' ने 22 अक्टूबर को रिपोर्ट दी कि इस चुनावी दौड़ में रिपब्लिकन और उनके सहयोगियों ने विज्ञापनों पर 143.9 मिलियन डॉलर खर्च किए हैं, जबकि डेमोक्रेट्स ने 45 मिलियन डॉलर खर्च किए हैं। रामास्वामी ने 2.8 मिलियन डॉलर के नए विज्ञापन स्लॉट बुक किए हैं, जिससे उनके अभियान की भविष्य की बुकिंग 14.8 मिलियन डॉलर तक पहुंच गई है, जबकि डेमोक्रेट्स की बुकिंग 8 मिलियन डॉलर है।

यह जानकारी तब सामने आई है जब चुनाव के नतीजों का अनुमान लगाने वाले विशेषज्ञ अपनी भविष्यवाणियों में बदलाव कर रहे हैं। यूनिवर्सिटी ऑफ वर्जीनिया सेंटर फॉर पॉलिटिक्स द्वारा प्रकाशित 'सबातोस क्रिस्टल बॉल' ने 22 अक्टूबर को इस मुकाबले को 'टॉस-अप' (यानी कांटे की टक्कर) की श्रेणी से हटाकर 'लीन्स डेमोक्रेटिक' (डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर झुकाव) की श्रेणी में डाल दिया है।

इस हफ्ते चुनाव प्रचार में रामास्वामी का 40 लाख डॉलर का एक विज्ञापन छाया रहा। इस विज्ञापन में एक्टन की मां, डोना आर्थर (जिनसे उनके रिश्ते खराब हैं) दिखाई देती हैं और वे रामास्वामी को झूठा बताती हैं।

एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को स्ट्रॉन्ग्सविले में ओहियो रिपब्लिकन पार्टी के बस टूर की शुरुआत करते हुए रामास्वामी ने "खराब और विफल मीडिया" पर आरोप लगाया कि वे "एक ऐसे विज्ञापन के बारे में झूठ बोल रहे हैं, जो खुद झूठ पर आधारित है।"

उन्होंने अपने समर्थकों से कहा, "इसका बचपन में होने वाले दुर्व्यवहार से कोई लेना-देना नहीं है। जब मैं इस राज्य का गवर्नर बनूंगा, तो ऐसे मामलों में कार्रवाई करने वाला नंबर 1 गवर्नर साबित होऊंगा। यह गलत है और हम सब मिलकर पूरे ओहियो में इसके खिलाफ लड़ेंगे।"

क्लीवलैंड 19 न्यूज के अनुसार, एक 'पैनकेक ब्रेकफास्ट' कार्यक्रम में रामास्वामी ने कहा, "मैं एक ऐसी महिला के खिलाफ चुनाव लड़ रहा हूं, जो हमारे इतिहास की पहली समाजवादी (सोशलिस्ट) गवर्नर बन सकती है।"

एनबीसी न्यूज को मिले अदालती दस्तावेजों से पता चलता है कि 1978 में एक्टन के सौतेले पिता, क्लेडिथ आर्थर को 13 साल से कम उम्र के बच्चे के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और एक ग्रैंड जूरी ने उन पर अभियोग भी चलाया था। एक्टन का कहना है कि उन्होंने लगभग 50 सालों से अपनी मां को न तो देखा है और न ही उनसे बात की है।

रिपब्लिकन पार्टी के निवर्तमान गवर्नर माइक डीवाइन ने गुरुवार को कहा, "यह विज्ञापन कोई मामूली बात नहीं है। यह गलत है। इसे हटाया जाना चाहिए।"

यह चुनावी दौरा आगे पॉवेल तक जाना था और शुक्रवार रात को 'सर्कलविले पम्पकिन शो' में समाप्त होना था। ओहियो में 3 नवंबर को मतदान होगा।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम