×

एफआईएच पुरुष प्रो लीग 2025-26: नीदरलैंड्स से 2-3 से हारा भारत, दिलप्रीत और सुखजीत ने किए गोल

 

रॉटरडैम, 14 जून (आईएएनएस)। एफआईएच पुरुष प्रो लीग 2025-26 के रॉटरडैम चरण के अपने पहले मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को मेजबान नीदरलैंड्स के खिलाफ 2-3 से करीबी हार का सामना करना पड़ा। भारत की ओर से दिलप्रीत सिंह और सुखजीत सिंह ने गोल दागे, लेकिन डच टीम ने बेहतर शुरुआत और निर्णायक मौकों का फायदा उठाकर जीत दर्ज की।

मेजबान नीदरलैंड्स ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और शुरुआती मिनटों में लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। इसका फायदा उठाते हुए तीसरे मिनट में माइल्स बुकेन्स ने रिवर्स हिट के जरिए गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।

भारत ने जल्द ही वापसी की कोशिश की। आठवें मिनट में शिलानंद लाकड़ा का शॉट पोस्ट से टकरा गया, लेकिन 10वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के शानदार लंबे पास पर दिलप्रीत सिंह ने शानदार फिनिश करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में नीदरलैंड्स ने गेंद पर ज्यादा कब्जा बनाए रखा और लगातार भारतीय गोल पर दबाव बनाया। गोलकीपर सूरज करकेरा ने कई शानदार बचाव किए, लेकिन 23वें मिनट में कोएन बिजेन ने पहला टाइम शॉट लगाकर नीदरलैंड्स को 2-1 की बढ़त दिला दी, जो हाफ टाइम तक कायम रही।

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने बेहतर खेल दिखाया और 33वें मिनट में मिले पहले पेनल्टी कॉर्नर को शानदार सेट पीस के जरिए सुखजीत सिंह ने गोल में बदलकर स्कोर 2-2 कर दिया। हालांकि, नीदरलैंड्स ने भी पेनल्टी कॉर्नर पर बेहतरीन मूव खेलते हुए 40वें मिनट में टिजमेन रेयेंगा के गोल की बदौलत फिर 3-2 की बढ़त हासिल कर ली।

अंतिम क्वार्टर में भारत ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए और कई पेनल्टी कॉर्नर भी अर्जित किए, लेकिन डच रक्षा पंक्ति ने कोई मौका नहीं दिया। आखिरकार नीदरलैंड्स ने 3-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

भारतीय टीम अब अपना अगला मुकाबला 17 जून को जर्मनी के खिलाफ खेलेगी।

--आईएएनएस

डीएससी