☰
×

भारत-इंडोनेशिया संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘गरुड़ शक्ति 2026’ संपन्न

 

जकार्ता, 6 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और इंडोनेशिया के बीच आयोजित संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘गरुड़ शक्ति 2026’ का 12वां संस्करण गुरुवार को इंडोनेशिया के बान्युवांगी में समापन समारोह के साथ समाप्त हो गया। इसके साथ ही 11 दिनों तक चले गहन संयुक्त प्रशिक्षण का सफल समापन हुआ।

इंडोनेशिया में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर बताया कि भारतीय सेना और इंडोनेशियाई सेना के बीच आयोजित इस अभ्यास का समापन 5 नवंबर 2026 को हुआ।

दूतावास के अनुसार, इस अभ्यास में जंगल, द्वीप और तटीय क्षेत्रों में कठोर प्रशिक्षण दिया गया। अभ्यास का अंतिम चरण 48 घंटे का 'संयुक्त सत्यापन अभ्यास' था, जिसमें दोनों सेनाओं ने अलग-अलग युद्ध परिस्थितियों में अपनी संयुक्त क्षमता, तालमेल और लड़ाकू तैयारी का प्रदर्शन किया।

इस 48 घंटे के अभ्यास के दौरान भारत और इंडोनेशिया के विशेष बलों (स्पेशल फोर्सेज) ने मिलकर जंगल क्षेत्र में एक काल्पनिक दुश्मन शिविर पर संयुक्त घात (एम्बुश) और हवाई हमला (एयर असॉल्ट) किया। दूतावास ने बताया कि भारतीय और इंडोनेशियाई स्पेशल फोर्सेज की संयुक्त हेलीकॉप्टर टीम लक्ष्य के पास उतरी और वहां स्थित भारी सुरक्षा वाले काल्पनिक दुश्मन शिविर पर हमला किया।

दूतावास ने कहा कि इस अभ्यास के सफल समापन से भारत और इंडोनेशिया के रक्षा संबंध, आपसी भरोसा और सैन्य सहयोग को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता और मजबूत हुई है। साथ ही, क्षेत्रीय सुरक्षा को बढ़ावा देने में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

समापन समारोह में इंडोनेशिया में भारत के राजदूत संदीप चक्रवर्ती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इंडोनेशियाई सेना के मेजर जनरल प्रिमादी सैफुल सालुन सम्मानित अतिथि थे। समारोह में दोनों देशों की सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारी और भाग लेने वाले सैनिक भी मौजूद रहे।

यह अभ्यास 27 अक्टूबर को बन्युवांगी में शुरू हुआ था। भारतीय दल में पैराशूट रेजिमेंट (स्पेशल फोर्सेज) के जवान शामिल थे, जबकि इंडोनेशिया की ओर से इंडोनेशियाई स्पेशल फोर्सेज के सैनिकों ने हिस्सा लिया।

भारत के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों की स्पेशल फोर्सेज के बीच आपसी समझ, सहयोग और मिलकर काम करने की क्षमता को बढ़ाना है।

प्रशिक्षण के दौरान जंगल में विशेष अभियान चलाने से जुड़ी रणनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं पर ध्यान दिया गया। इसमें बाधाओं को पार करना, सटीक निशानेबाजी, पर्वतारोहण, हवाई हमले का प्रशिक्षण और युद्ध जैसी परिस्थितियों में तैयारी से जुड़े अभ्यास शामिल थे। 'गरुड़ शक्ति 2026' ने एक बार फिर भारत और इंडोनेशिया के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग और क्षेत्रीय सुरक्षा में साझेदारी को मजबूत करने का संदेश दिया है।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी